{"vars":{"id": "123258:4912"}}

TV Show Photo Voice Avatar News 2026: गूगल का नया AI पेटेंट 'My Channel': आपकी फोटो और आवाज से बनेगा TV शो का हीरो, सामने आई पूरी डिटेल

गूगल के नए AI पेटेंट में आपकी फोटो और आवाज से TV शो बनाने का जिक्र; जानें 'My Channel' आइडिया, विज्ञापन योजना और पेटेंट अपडेट की पूरी जानकारी।
 

जरा सोचिए, आप TV को ऑन करते हैं और उस पर कोई ऐसा शो आने लगता है, जिसमें कहानी के हीरो आप खुद ही हों… सिर्फ इतना ही नहीं, TV शो में आपकी ही फोटो से तैयार किरदार दिखाई दे और आवाज भी आपकी ही हो। सुनने में भले ही यह चौंकाने वाला लगता हो, लेकिन इसे हकीकत बनाने के लिए गूगल एक नए आइडिया पर काम करने की सोच रहा है। गूगल के एक नए पेटेंट से इसकी जानकारी सामने आई है।

नए पेटेंट ट्रैक करने वाली पैटेंटाइज ने सबसे पहले गूगल के इस प्लान को लेकर जानकारी दी है। गूगल के इस कमाल के पेटेंट के लिए 13 मई 2025 को आवेदन किया था, जिसे अमेरिकी पेटेंट और ट्रेडमार्क ऑफिस ने 19 नवंबर 2026 को पब्लिश किया है। इसका नाम 'क्रिएटिंग ए चैनल ऑफ वीडियो एक्सपीरियंसेज टेलर्ड टू ए यूजर' रखा गया है। इस पेटेंट में गूगल के दो इंजीनियरों अरविंद रेड्डी आयुलुरी और प्रमीला काव्या थुमुरु का नाम दर्ज है।

🤖 कैसे काम करेगा Google का My Channel?

पेटेंट में एक ऐसे TV चैनल के बारे में बात की गई है, जो हर यूजर के लिए अलग-अलग होगा। इसे My Channel नाम मिल सकता है। यानी हर यूजर को उसकी पसंद के मुताबिक वीडियो और शो देखने को मिलेंगे। जैसे अगर किसी यूजर को क्राइम, कॉमेडी या साइंस फिक्शन वाली फिल्में देखने पसंद हैं तो AI उसी तरह के नए शो तैयार कर सकेगा।

इसके लिए सिस्टम यूजर की उम्र, पसंद और पहले देखे गए वीडियो जैसी डिटेल्स का इस्तेमाल करेगा। अच्छी बात यह है कि AI सिर्फ पसंद के वीडियो दिखाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि नई कहानियां और वीडियो भी बनाएगा।

🎭 आपकी फोटो से बनेगा शो का हीरो

गूगल के इस पेटेंट का खास हिस्सा खुद कहानी में शामिल होना है। सिस्टम आपकी फोटो की सहायता से एक डिजिटल किरदार बना सकता है। सिर्फ यही नहीं, आपकी आवाज की नकल करके उस किरदार से डायलॉग भी बुलवाए जा सकते हैं, यानी सिर्फ किरदार में ही नहीं आप दिखेंगे, आवाज भी आपकी ही होगी! पेटेंट में क्रिकेट का उदाहरण भी दिया गया है। अगर कोई भारतीय यूजर क्रिकेट के वीडियो ज्यादा देखना पसंद करता है, तो उसके लिए वर्ल्ड कप से जुड़ा एक खास शो तैयार हो सकता है। इसमें उसका डिजिटल किरदार स्टेडियम में बैठकर भारत को चीयर करता या अपने पसंदीदा क्रिकेटर से बातचीत करता दिखाई दे सकता है।

📢 AI शो के बीच दिखेंगे ऐड

Google के इस प्लान में ऐड भी शामिल हैं। पेटेंट के अनुसार एक एडवरटाइजिंग सर्वर AI से तैयार शो के अंदर यूजर की पसंद के हिसाब से ऐड भी शामिल करेगा। यानी अलग-अलग लोगों को एक ही शो में अलग ऐड दिखाई दे सकते हैं।

⚖️ आवेदन को लेकर पेटेंट चेकर का रुख और स्थिति

लेकिन इस तकनीक को जल्द TV पर देखने की उम्मीद नहीं करनी चाहिए। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अमेरिकी पेटेंट चेकर ने Google के आवेदन को खारिज कर दिया है। कंपनी चाहे तो इसमें बदलाव करके फिर से अप्लाई कर सकती है या फैसले के खिलाफ अपील कर सकती है। यह बात भी जान लें कि पेटेंट मिलने का यह बिल्कुल भी मतलब नहीं होता है कि कंपनी उस तकनीक को मार्केट में पेश ही करेगी। Google ने अभी तक My Channel को लेकर कोई आधिकारिक ऐलान नहीं किया है। अभी यह एक ऐसा आइडिया है जो आने वाले समय में TV देखने का तरीका बदल सकता है।