फ्लाइट मोड सिर्फ हवाई जहाज के लिए नहीं! जानें मोबाइल के 3 कमाल के फायदे
फोन तो आप सालों से चला रहे हैं लेकिन आज खुद से ये सवाल पूछकर देखिए कि क्या आपको मोबाइल फोन के हर फीचर की जानकारी है? ऐसा ही एक फीचर है Flight Mode जिसे Airplane Mode नाम से भी जाना जाता है. ये फीचर आपको हर स्मार्टफोन में मिल जाएगा, बहुत से लोगों को लगता है कि ये फीचर केवल प्लेन में ट्रेवल करते वक्त ही यूज किया जाता है, लेकिन ऐसा नहीं है. इस फीचर का इस्तेमाल सिर्फ प्लेन में नहीं बल्कि और भी बहुत से काम के लिए किया जाता है.
क्या होता है Airplane Mode?
एयरप्लेन मोड एक ऐसा फीचर है जो आपको न केवल फोन बल्कि टैबलेट और यहां तक कि लैपटॉप में भी मिल जाएगा. ये एक ऐसी सेटिंग है जो तुरंत सभी वायरलेस ट्रांसमिशन फीचर जैसे कि वाई-फाई, सेल्युलर डेटा और ब्लूटूथ कनेक्टिविटी को बंद कर देता है. इस फीचर को मुख्य रूप से इसलिए बनाया गया है ताकि डिवाइस ऐसे सिग्नल न भेजें जिनसे हवाई जहाज के कम्युनिकेशन और नेविगेशन सिस्टम में रुकावट आ सकती है.
Flight Mode के ये हैं फायदे
-
- फ्लाइट मोड हमारे मोबाइल पर आने वाले सभी वायरलेस सिग्नल को रोक देता है. अगर फोन में कहीं किसी जगह पर नेटवर्क ठीक से नहीं आ रहा है, तो फोन लगातार सिग्नल ढूंढता रहता है. इस वजह से बैटरी की खपत तेजी से होने लगती है. ऐसे समय में एयरप्लेन मोड बहुत काम आएगा. इसे ऑन करने के बाद सिग्नल खोजने की प्रक्रिया रुक जाएगी और बैटरी काफी हद तक बचेगी.
- कई लोग फोन चार्ज करते समय इंटरनेट और लोकेशन जैसे फीचर्स को ऑन रखते हैं लेकिन अगर आप अपने फोन को तेजी से चार्ज करना चाहते हैं, तो चार्जिंग के दौरान एयरप्लेन मोड ऑन कर लेना चाहिए. ऐसा कहा जाता है कि इस मोड को ऑन करने से नॉर्मल की तुलना चार्जिंग स्पीड 20 से 25 प्रतिशत तक बढ़ जाती है.
- जब बच्चों को खेलने या वीडियो देखने के लिए फोन देते हैं तो इस बात का डर रहता है कि बच्चे गलती से कुछ ऐसा फीचर न दबा दें जिससे फोन की सेटिंग बदल जाए या किसी को कॉल लग जाए. ऐसे में एयरप्लेन मोड ऑन कर बच्चों को फोन दें जिससे मोबाइल डेटा बंद हो जाएगा. इससे बच्चे इंटरनेट का इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे और न ही किसी को कॉल कर पाएंगे.