{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Microsoft छंटनी: कर्मचारियों को मिलेगा 9 महीने का वेतन और अन्य लाभ

माइक्रोसॉफ्ट में छंटनी जारी! प्रभावित कर्मचारियों को 39 हफ्ते तक की बेसिक सैलरी, हेल्थ इंश्योरेंस और स्टॉक वेस्टिंग जैसी सुविधाएं। जानें पूरा सेवरेंस पैकेज।

 

Microsoft ने एक बार फिर कर्मचारियों की छंटनी शुरू कर दी है, लेकिन कंपनी टेक इंडस्ट्री में मिलने वाले अच्छे सेवरेंस पैकेज (नौकरी छूटने पर मिलने वाला पैकेज) में से एक दे रही है. हाल ही में सामने आई एक रिपोर्ट में बताया गया है कि अमेरिका में नौकरी गंवाने वाले कुछ कर्मचारियों को उनकी भूमिका और कंपनी में काम करने की अवधि के आधार पर 39 हफ्ते तक की बेसिक सैलरी (मूल वेतन) मिल सकता है, जो लगभग नौ महीने की सैलरी के बराबर है.

बिजनेस इनसाइडर के मुताबिक, कंपनी में कुछ समय पहले छंटनी से लगभग 4800 कर्मचारी प्रभावित हुए हैं, ये माइक्रोसॉफ्ट के कुल कर्मचारियों का लगभग 2.1 प्रतिशत है. रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी कर्मचारियों के लिए सेवरेंस पैकेज में कम से कम 60 दिनों की बेसिक सैलरी शामिल है, जिसके दौरान कर्मचारी पेरोल पर बने रहते हैं. इसके बाद, एलिजिबल कर्मचारी अपनी सीनियरिटी और काम के वर्षों के आधार पर अतिरिक्त सेवरेंस पा सकते हैं, जिससे ज्यादातर कर्मचारियों के लिए कुल भुगतान 39 हफ्ते की बेसिक सैलरी तक पहुंच सकता है.

किसे मिलेगा माइक्रोसॉफ्ट का सेवरेंस पैकेज?

हर कर्मचारी को मिलने वाली रकम उनके इंटरनल लेवल पर निर्भर करती है. लेवल 64 और उससे नीचे के कर्मचारियों को माइक्रोसॉफ्ट में काम किए गए हर छह महीने के लिए एक हफ्ते की बेसिक पे (मूल वेतन) मिलेगा. लेवल 65 से 67 वाले कर्मचारियों को काम के हर छह महीने के लिए दो हफ्ते का बेसिक पे मिलेगा. ऊंचे लेवल के एग्जीक्यूटिव के लिए एक अलग कंपनसेशन प्लान है.

हम सिर्फ सैलरी तक ही सीमित नहीं है. Microsoft एलिजिबल कर्मचारियों को उनके कार्यकाल के आधार पर 6 या 12 महीने तक स्टॉक वेस्टिंग की सुविधा भी दे रही है. इसके अलावा, प्रभावित कर्मचारियों को 6 महीने का पेड हेल्थ इंश्योरेंस मिलेगा, साथ ही उन्हें COBRA के ज़रिए अपने खर्च पर एक और साल तक हेल्थकेयर कवरेज जारी रखने का विकल्प भी मिलेगा. यह पैकेज मोटे तौर पर उन वॉलंटरी रिटायरमेंट ऑफ़र जैसा ही है जो Microsoft ने इस साल की शुरुआत में पेश किया था, हालांकि हाल ही में छंटनी में कंपनी की तरफ से मिलने वाले हेल्थ कवरेज की अवधि कम है.

क्यों हो रही है छंटनी?

माइक्रोसॉफ्ट आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में तेजी से निवेश कर रही है, इस वजह से बड़े स्तर पर छंटनी की जा रही है. कहा जा रहा है कि कंपनी इस साल कैपिटल एक्सपेंडिचर के तौर पर लगभग 190 अरब डॉलर खर्च करेगी, जिसका एक बड़ा हिस्सा AI इंफ्रास्ट्रक्चर को बढ़ाने में लगाया जाएगा, जिसमें डेटा सेंटर और क्लाउड कंप्यूटिंग क्षमता शामिल है.