NCPCR Summons Meta India MD: बच्चों के यौन शोषण से जुड़े विज्ञापनों पर NCPCR सख्त, मेटा इंडिया के एमडी को किया तलब
नेशनल कमीशन फॉर प्रोटेक्शन ऑफ़ चाइल्ड राइट्स (NCPCR) ने मेटा प्लेटफॉर्म पर बच्चों के यौन शोषण और दुर्व्यवहार से जुड़ी सामग्री (CSEAM) के विज्ञापनों की जांच के सिलसिले में मेटा इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर और हेड को फिर से तलब किया है. आयोग ने इसकी सुनवाई के लिए 16 सितंबर यानी आज की तारीख तय की है. आयोग ने मेटा के भारत के प्रबंध निदेशक और प्रमुख की व्यक्तिगत उपस्थिति की मांग की है, क्योंकि 9 सितंबर को पिछली सुनवाई में मेटा के वरिष्ठ अधिकारियों ने कंपनी का प्रतिनिधित्व किया था.
हालांकि मेटा के अधिकारियों ने मेटा इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर और हेड की अनुपस्थिति के कारण भी बताए थे, जिसके बाद एनसीपीसीआर ने कंपनी के भारत प्रमुख को अगली सुनवाई में मौजूद रहने का निर्देश दिया था. यह मामला जुलाई में NCPCR की ओर से मेटा को भेजे गए नोटिस से जुड़ा है.
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने 3 जुलाई 2026 को मेटा प्लेटफॉर्म्स, इंक. को एक नोटिस जारी किया था. यह नोटिस BBC Eye की एक मीडिया रिपोर्ट का स्वतः संज्ञान लेते हुए जारी किया गया था, जिसमें बच्चों के यौन शोषण और दुर्व्यवहार से जुड़ी सामग्री (CSEAM) से संबंधित विज्ञापनों का आरोप लगाया गया था. NCPCR ने इस मामले में मेटा से स्पष्टीकरण मांगा था और मेटा ने एक हफ्ते बाद अपना जवाब सौंपा था. इसके बाद NCPCR ने मामले की सच्चाई का पता लगाने के लिए औपचारिक जांच शुरू करने का फ़ैसला किया. इसी जांच के सिलसिले में मेटा इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर को समन भेजा गया है.
मेटा ने अपनी पॉलिसी में किया बदलाव
CSEAM मामले पर NCPCR की लगातार कार्रवाई के कारण मेटा को बच्चों के यौन शोषण के मामलों की रिपोर्टिंग से जुड़ी अपनी पॉलिसी में बदलाव करना पड़ा है. मेटा ने अब ऐसे मामलों की रिपोर्ट इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) को भी देना शुरू कर दिया है.
NCPCR ने कैपजेमिनी के वाइस प्रेसिडेंट को किया तलब
एक अलग मामले में बेंगलुरु में कैपजेमिनी (Capgemini) द्वारा चलाए जा रहे एक डे-केयर सेंटर में बच्चों के कथित शोषण से जुड़े एक अन्य मामले में NCPCR ने कैपजेमिनी के वाइस प्रेसिडेंट को 16 सितंबर को शाम 4 बजे बुलाया है. कमीशन जिम्मेदारी तय करने के लिए मामले की जांच करेगा.