{"vars":{"id": "123258:4912"}}

OpenAI का धमाका: GPT-5.4 Mini और Nano मॉडल लॉन्च, जानें फीचर्स और कितनी बढ़ेगी स्पीड!

OpenAI ने पेश किए GPT-5.4 Mini और Nano मॉडल्स। कम लागत में मिलेगी 2 गुना ज्यादा स्पीड और बेहतर कोडिंग पावर। जानें ChatGPT और API में कैसे करें इस्तेमाल।

 

एआई की दुनिया में एक धमाका करत हुए OpenAI ने अपने नए GPT-5.4 Mini और Nano मॉडल को लॉन्च कर दिया है. ये मॉडल खासतौर पर तेज स्पीड और कम लागत में बेहतर परफॉर्मेंस देने के लिए डिजाइन किए गए हैं. कंपनी का दावा है कि ये छोटे मॉडल भी बड़े मॉडल जैसी ताकत लेकर आते हैं, लेकिन ज्यादा तेजी से काम करते हैं. कोडिंग, डेटा प्रोसेसिंग और मल्टीमॉडल टास्क में इनका इस्तेमाल बेहद प्रभावी माना जा रहा है.

छोटे लेकिन पावरफुल

OpenAI के नए GPT-5.4 Mini और Nano मॉडल को इस तरह तैयार किया गया है कि ये कम समय में ज्यादा काम कर सकें. GPT-5.4 Mini, पुराने GPT-5 Mini के मुकाबले कोडिंग, लॉजिक समझने और टूल इस्तेमाल करने में काफी बेहतर है और दो गुना से ज्यादा तेज काम करता है. वहीं GPT-5.4 Nano सबसे छोटा और सस्ता मॉडल है, जो सिंपल टास्क जैसे डेटा निकालना, क्लासिफिकेशन और बेसिक कोडिंग के लिए बनाया गया है.

कोडिंग और प्रोफेशनल काम में बड़ा बदलाव

इन नए मॉडल्स का सबसे बड़ा फायदा कोडिंग और प्रोफेशनल वर्कफ्लो में देखने को मिलेगा. अब डेवलपर्स एक ही सिस्टम में बड़े और छोटे मॉडल को साथ इस्तेमाल कर सकते हैं, जहां बड़ा मॉडल प्लानिंग करेगा और छोटा मॉडल छोटे-छोटे काम तेजी से पूरा करेगा. इस तरह काम की स्पीड भी बढ़ेगी और लागत भी कम होगी. यह सिस्टम खासतौर पर उन एप्लिकेशन के लिए फायदेमंद है जहां तेजी और सटीकता दोनों जरूरी होती है.

तेज स्पीड और कम लागत का कॉम्बिनेशन

GPT-5.4 Mini को इस तरह डिजाइन किया गया है कि यह कम समय में बेहतर रिजल्ट दे सके. बेंचमार्क में यह पुराने मॉडल से बेहतर प्रदर्शन करता है और बड़े GPT-5.4 के करीब पहुंच जाता है, लेकिन काफी कम समय में. वहीं Nano मॉडल उन जगहों पर उपयोगी है जहां लागत और स्पीड सबसे ज्यादा मायने रखती है. इसका मतलब है कि अब कंपनियां कम खर्च में ज्यादा काम कर सकेंगी और एआई का इस्तेमाल बड़े स्तर पर आसान हो जाएगा.

कहां और कैसे मिलेगा इस्तेमाल का मौका

OpenAI ने इन मॉडल्स को API, Codex और ChatGPT जैसे प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराना शुरू कर दिया है. GPT-5.4 Mini टेक्स्ट और इमेज दोनों इनपुट को समझ सकता है और वेब सर्च, फाइल सर्च जैसे टूल्स का भी इस्तेमाल कर सकता है. ChatGPT में यह Thinking फीचर के जरिए यूजर्स को मिलेगा, जिससे वे ज्यादा स्मार्ट और तेज जवाब पा सकेंगे. आने वाले समय में इन मॉडल्स का इस्तेमाल और भी ज्यादा एप्लिकेशन में देखने को मिलेगा.