{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Xiaomi Smart Band 11 Active Specs: 50 स्पोर्ट्स मोड और वॉटर रेजिस्टेंस, जानिए ग्लोबल मार्केट में क्या है इस बैंड की कीमत

शाओमी ने लॉन्च किया नया फिटनेस बैंड। 21 दिन की बैटरी लाइफ, 1.47 इंच डिस्प्ले और कई हेल्थ फीचर्स से है लैस।
 

Xiaomi ने अपना नया Smart Band 11 Active कुछ चुनिंदा देशों में लॉन्च कर दिया है. यह फिटनेस बैंड हल्का और पतला है. इसमें बड़ी स्क्रीन के साथ कई हेल्थ और फिटनेस फीचर्स दिए गए हैं. कंपनी का कहना है कि हल्के इस्तेमाल में इसकी बैटरी एक बार चार्ज करने पर 21 दिन तक चल सकती है.

बैंड में हार्ट रेट, SpO2, नींद और स्ट्रेस पर नजर रखने जैसे फीचर्स मिलते हैं. इसके अलावा इसमें 50 Sports Modes दिए गए हैं. यह 5ATM Water Resistance के साथ आता है. यानी पानी में भी इसे इस्तेमाल किया जा सकता है. हालांकि, Xiaomi ने इसे गर्म पानी के शावर या सॉना में इस्तेमाल न करने की सलाह दी है.

कितनी है कीमत

Xiaomi Smart Band 11 Active की कीमत हर देश में अलग रखी गई है. इसकी कीमत करीब 35 से 45 डॉलर के बीच है. ऑस्ट्रेलिया में इसकी कीमत AUD 59.50 रखी गई है. मलेशिया में यह MYR 199 और सिंगापुर में SGD 39.90 में लॉन्च हुआ है.यह बैंड Black, Gray और Pomelo Pink रंगों में उपलब्ध होगा. भारत में इसकी कीमत और लॉन्च की तारीख को लेकर Xiaomi ने अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है.

1.47 इंच की स्क्रीन

Smart Band 11 Active में 1.47 इंच का TFT डिस्प्ले मिलता है. इसका रिजॉल्यूशन 172×320 पिक्सल है और पिक्सल डेंसिटी 247ppi है. स्क्रीन 60Hz रिफ्रेश रेट के साथ आती है. इससे मेन्यू खोलने और स्क्रीन पर ऊपर नीचे जाने का अनुभव पहले से ज्यादा स्मूद हो सकता है.

डिस्प्ले को 2.5D कर्व्ड मजबूत ग्लास से सुरक्षित किया गया है. यूजर्स को बैंड में 100 से ज्यादा Watch Faces भी मिलते हैं. इससे लोग अपनी पसंद के हिसाब से स्क्रीन का लुक बदल सकते हैं.

हल्का है बैंड

इस बैंड का शेप 43.5×25.8×10.2mm है. स्ट्रैप के बिना इसका वजन केवल 18 ग्राम है. इसमें मेटल जैसा दिखने वाला फ्रेम दिया गया है और स्ट्रैप TPU से बना है.स्ट्रैप को 135mm से 215mm तक एडजस्ट किया जा सकता है. इसमें वर्टिकल स्ट्राइप वाला डिजाइन दिया गया है. पिन और बकल की मदद से इसे हाथ में ठीक से बांधा जा सकता है.

हेल्थ और फिटनेस पर रखेगा नजर

Smart Band 11 Active में PPG सेंसर और एक्सेलेरोमीटर दिए गए हैं. यह लगातार हार्ट रेट चेक कर सकता है. इसके साथ SpO2, नींद और पूरे दिन के स्ट्रेस को भी ट्रैक किया जा सकता है. महिलाओं की हेल्थ से जुड़े फीचर्स भी इसमें दिए गए हैं. फिटनेस के लिए 50 Sports Modes मिलते हैं. यानी यूजर अलग-अलग तरह की एक्सरसाइज और खेलों को ट्रैक कर सकता है.

21 दिन तक चल सकती है बैटरी

इस फिटनेस बैंड में 300mAh की बैटरी दी गई है. कंपनी के अनुसार, हल्के इस्तेमाल में बैटरी 21 दिन तक चल सकती है. अगर हार्ट रेट और स्ट्रेस मॉनिटरिंग जैसे फीचर्स लगातार इस्तेमाल किए जाएं, तो बैटरी करीब 8 दिन चल सकती है. चार्जिंग के लिए मैग्नेटिक चार्जर मिलता है. इसे पूरी तरह चार्ज होने में 120 मिनट से कम समय लगता है.

कनेक्टिविटी के लिए Bluetooth 5.3 BLE दिया गया है. बैंड को Mi Fitness ऐप के जरिए फोन से जोड़ा जा सकता है. यह Android 8.0 या उससे नए फोन और iOS 14.0 या उससे नए iPhone के साथ काम करता है.

फिलहाल भारत में इसकी कीमत और लॉन्च डेट का इंतजार है. अगर Xiaomi इसे भारतीय बाजार में सही कीमत पर उतारती है, तो हल्के डिजाइन, लंबी बैटरी और कई हेल्थ फीचर्स के कारण यह फिटनेस बैंड लोगों के लिए एक अच्छा विकल्प बन सकता है.