{"vars":{"id": "123258:4912"}}

पुलिस अधीक्षक कार्यालय में 09 पुलिस अधिकारी सेवानिवृत्ति

 

पुलिस अधीक्षक कार्यालय भिवानी में जिला भिवानी में कार्यरत पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सेवानिवृत्ति उपलक्ष्य में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन गरिमामय वातावरण में किया गया, जिसमें विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सेवानिवृत्त हो रहे कर्मियों के परिजन भी उपस्थित रहे।

समारोह के दौरान जिला निरीक्षक सुनील कुमार द्वारा सेवानिवृत्त हो रहे पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सेवाओं का उल्लेख करते हुए उनके कार्यकाल की सराहना की गई। उन्होंने बताया कि इन कर्मचारियों ने अपने सेवा काल के दौरान पूरी ईमानदारी, मेहनत एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ पुलिस विभाग की जिम्मेदारियों का निर्वहन किया है।

इसके उपरांत सेवानिवृत्त हो रहे कर्मचारियों को फूलमाला पहनाकर सम्मानित किया गया तथा उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम के दौरान भावनात्मक माहौल भी देखने को मिला, जहां उपस्थित लोगों ने कर्मचारियों के योगदान को सराहा।

जिला निरीक्षक ने अपने संबोधन में कहा कि सेवानिवृत्त हो रहे निरीक्षक वीरेंद्र, निरीक्षक रामनिवास, निरीक्षक नरेश कुमार, निरीक्षक राजबीर, उप निरीक्षक सुभाष चंद्र, उप निरीक्षक सुरेश कुमार, उप निरीक्षक जगदीश कुमार, उप निरीक्षक सुरेश कुमार व एएसआई करण सिंह  की कार्यशैली एवं समर्पण अन्य पुलिस कर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत है।

उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारियों को इनसे सीख लेते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ करना चाहिए। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि पुलिस विभाग अपने कर्मचारियों के साथ सदैव खड़ा है और सेवानिवृत्ति के बाद भी कर्मचारियों एवं उनके परिवारों को विभाग की ओर से हर संभव सहयोग प्रदान किया जाता रहेगा। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी, सेवानिवृत्त हो रहे कर्मचारी तथा उनके परिजन उपस्थित रहे।