{"vars":{"id": "123258:4912"}}

डीसी साहिल गुप्ता के प्रयासों से सिरे चढ़ी 12 वर्ष पुरानी बिजली परियोजना   

 

भिवानी।

डीसी साहिल गुप्ता के प्रयासों से वर्ष 2014 से शुरू हुए हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम के गांव नीमड़ीवाली स्थित पावर ग्रिड से ईश्वरवाल स्थित 220 केवी सब स्टेशन तक 220 किलोवॉल्ट की लाइन डालने का काम पूरा हो गया है। इससे जिले के करीब 100 गांव को ब्रेकडाउन होने की स्थिति में अल्टरनेट के तौर पर बिजली आपूर्ति होगी। जिससे इन गांव में बिजली की समस्या नहीं रहेगी।

करीब 50 किलोमीटर लंबी इस टॉवर लाइन पर करीब 36 करोड रुपए की लागत आई है।
उल्लेखनीय है कि ईशरवाल स्थित 220 केवी सब स्टेशन से 132 केवी गांव मिरान में, 132 केवी ढिगावा, 132 केवी बहल और 132 केवी कैरु और 132 केवी तोशाम के सब स्टेशन संचालित होते हैं।

इन सभी सब स्टेशनों के अंतर्गत करीब 100 गांव आते हैं। यानि जिले के लगभग 50 प्रतिशत गांव इन सब स्टेशन से जुडें हैं। ईश्वरवाल  सब स्टेशन में बिजली की आपूर्ति गांव सागवान स्थित 232 केवी सब स्टेशन के माध्यम से हो रही है। यहां यह बताना जरूरी है कि वर्ष 2014 में नीमड़ीवाली स्थित पॉवर ग्रिड से ईश्वरवाल तक अल्टरनेट के तौर पर बिजली आपूर्ति हेतु 220 किलो वोल्ट पावर की लाइन डालने का काम शुरू किया, जिसकी दूरी करीब 50 किलोमीटर की बनती है, इसमें 212 टावर लगे हैं।
 लेकिन इसके काम शुरू होते ही आसपास गांव के किसानों ने उचित मुआवजा संबंधित मांग को उठाना शुरू किया। इससे वर्ष 2014 में काम शुरू होने के साथ ही काम रूक गया और उसके बाद वर्ष 2016 में, वर्ष 2019 में, वर्ष 2023 में भी जब-जब काम शुरू हुआ तब-तब किसानों की मांग के चलते बिजली की लाइन डालने का काम आगे नहीं बढ सका। वर्ष 2023 में तत्कालीन भिवानी के एसडीएम दीपक बाबूलाल करवा ने फिर से इस लाइन के कार्य को गंभीरता से लिया, उसके बाद एसडीएम महेश कुमार ने समय समय पर किसानों से बातचीत की।
अब जैसे ही डीसी साहिल गुप्ता ने कार्यभार संभाला और जिले में लंबित पड़ी परियोजनाओं के बारे में जानकारी ली, तो इस टावर लाईन का मामला उनके संज्ञान में लाया गया।

इस मामले को उन्होंने गंभीरता से लिया और गांव नीमड़ीवाली, अजीतपुर, रूपगढ़, नवा राजगढ़ और कितलाना के किसानों व ग्रामीणों से बातचीत की और कार्य शुरू हुआ।
आखिरकार जिला प्रशासन के प्रयासों से यह कार्य अब पूरा हुआ है। अब यदि किसी कारण वश ब्रेकडाउन होता है तो इस पावर ग्रिड से दी जाने वाली बिजली आपूर्ति से संबंधित गांवों में बिजली गुल होने की समस्या नहीं रहेगी यानि अल्टरनेट के तौर पर ईशरवाल सब स्टेशन को बिजली आपूर्ति मिलेगी।
- किसानों व आमजन से इस लाईन से उचित दूरी बनाने की अपील
नीमडीवाली स्थित हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम के कार्यकारी अभियंता दयाचंद रोहिल्ला ने बताया कि इस लाइन में 27 जनवरी बिजली की आपूर्ति शुरू हो गई है। किसानों व आम जन से अनुरोध है कि वे इस लाइन से उचित दूरी बनाए रखें। जिला प्रशासन के साथ-साथ ग्रामीणों के सहयोग से ही इस लाइन के डालने का काम पूरा हो पाया है।