{"vars":{"id": "123258:4912"}}

DJ बंद कराने पर बवाल,पुलिस से झड़प, 16 साल के लड़के की मौत 

 

हिसार में बर्थडे पार्टी में बीच सड़क पर तेज आवाज में DJ बजाने को लेकर युवकों और पुलिस कर्मचारियों में झड़प हो गई। पुलिस का आरोप है कि युवकों को डीजे बंद करने को कहा तो उन्होंने छत पर चढ़कर पथराव किया। जब पुलिस उन्हें छत पर पकड़ने के लिए पहुंची तो 2 लड़के छत से कूद गए।

जिसमें एक नाबालिग लड़के दिनेश (16) की अस्पताल में मौत हो गई। वह 10वीं में पढ़ता था। पथराव में चौकी इंचार्ज समेत 2 पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।

वहीं परिवार का आरोप है कि पुलिस ने युवक को आते ही जमीन पर गिराकर मारा। वह बचने के लिए छत पर चला गया। वहां भी उसके साथ मारपीट की और छत से धक्का दे दिया। पुलिसवालों ने महिलाओं और लड़कियों से भी मारपीट की। पुलिस घर से CCTV की DVR भी उतारकर ले गई।

गुस्साए परिवार के लोगों ने सिविल अस्पताल की मॉर्च्युरी के सामने DC और SP के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि आरोपी पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने युवक की डेडबॉडी लेने से इनकार कर दिया। 

12 क्वार्टर चौकी इंचार्ज विनोद ने बताया कि भारत नगर में सोमवार रात साढ़े 11 बजे कुछ युवक तेज आवाज में डीजे बजा रहे थे। यहां शुभम नाम के युवक का जन्मदिन था और उसके दोस्त आए हुए थे। सूचना मिलते ही उनकी टीम मौके पर पहुंच गई। हमने उन्हें स्पीकर बंद करने को कहा तो युवक भड़क गए। उन्होंने पुलिस कर्मचारियों पर तेजधार हथियार से हमला करते हुए बंधक बना लिया।

 चौकी इंचार्ज ने आगे बताया कि हम लोग किसी तरह उनकी चंगुल से निकले। तभी 2 युवक छत पर चढ़ गए। उन्होंने पुलिस कर्मचारियों पर पथराव करना शुरू कर दिया। इसमें मैं और साथी पुलिसकर्मी महेंद्र घायल हो गए। हम फिर भी दोनों युवकों को पकड़ने के लिए छत पर गए। हमें देखकर दोनों युवक भागते हुए छत से कूद गए और गिरकर घायल हो गए।

उन्होंने आगे बताया कि सूचना मिलते ही मिलगेट थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। हम दोनों युवकों को सिविल अस्पताल ले गए। यहां गणेश नाम के युवक ने दम तोड़ दिया। जबकि, आकाश को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

शुभम उर्फ काकू की बहन मासूम ने बताया कि रात को मेरे भाई का बर्थडे था। उसका दोस्त गणेशी भी आया हुआ था। सभी लोग गाने बजाकर बर्थडे मना रहे थे। 2 ही गाने बजे थे कि पुलिस कर्मचारी आ गए। तब 12 भी नहीं बजे थे। पुलिस ने आकर लड़कियों और लड़कों से पिटाई की। गणेशी को जमीन पर गिराकर मारा। मेरे साथ भी उन्होंने पिटाई की।

मासूम ने आगे बताया कि गणेशी और एक और लड़का छत पर चले गए। उनके पीछे 5 पुलिस कर्मचारी गए। मैं भी पीछे-पीछे चली गई। उन्होंने गणेशी के सिर पर डंडा मारा और छत से धक्का दे दिया। मैंने पूरी घटना अपनी आंखों से देखी है।