{"vars":{"id": "123258:4912"}}

मेगा ऑडियन में विभिन्न 7 स्कूलों के 387 प्रतिभागियों ने लिया भाग

 

भिवानी :

स्थानीय महम रोड पर स्थित बिट्स इंटरनेशनल स्कूल मेंकला साहित्य एवं सांस्कृतिक कार्यों को समर्पित संस्था कौशिक नाट्य अकादमी भिवानी और चाणक्य कला मंच ने अपनी एकल नृत्य प्रतियोगिता कल के कलाकार के दूसरे सीजऩ के लिए एक भव्य मेगा ऑडिशन का आयोजन किया।

इस मेगा ऑडिशन में जिला के 7 विभिन्न स्कूलों से आए कुल 387 युवा प्रतिभागियों ने अपने डांस का हुनर दिखाया, जिसमें से 62 प्रतिभाशाली कलाकारों का चयन क्वार्टर फाइनल के लिए किया गया।

मेगा ऑडिशन में सुबह के सत्र में बतौर मुख्य अतिथि समाजसेवी और शिक्षाविद् मोहिनी मेहता ने शिरकत की, जबकि शाम के सत्र में दंत चिकित्सक यामिनी वर्मा ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

इस मेगा ऑडिशन के निर्णायकों में राष्ट्रीय कलाकार और दिल्ली से आईं अभिनेत्री नैना कौशिक, खुशबू कालरा, और प्रसिद्ध नृत्य निर्देशक आनंद कुमार शामिल रहे। इन सभी ने प्रतिभागियों के प्रदर्शन की सराहना की और उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
     कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के साथ आयोजक मंडल के सदस्यों पवन कौशिक, अनिल शर्मा वत्स ने मिलकर किया। उन्होंने मां सरस्वती की प्रतिमा के सामने दीप प्रज्ज्वलित कर सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं। इस दौरान प्रतिभागियों के साथ-साथ उनके अभिभावकों में भी डांस के प्रति जबरदस्त उत्साह और जुनून देखने को मिला। अभिभावकों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर अपने बच्चों का हौसला बढ़ाया, जो इस प्रतियोगिता की एक खास बात रही।
     प्रतियोगिता के आयोजक व कौशिक नाट्य अकादमी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन कौशिक ने बताया कि यह प्रतियोगिता उन प्रतिभागियों के लिए आयोजित की गई थी, जिन्हें पिछले ऑडिशन राउंड में चुना गया था।

उन्होंने बताया कि चयनित हुए सभी 62 प्रतिभागी अब अक्टूबर में होने वाले क्वार्टर फाइनल में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को एक लाख रूपये का इनाम देकर सम्मानित किया जाएगा।
     इस मौके पर मुख्य अतिथि मोहिनी मेहता व दंत चिकित्सक यामिनी वर्मा ने कहा कि भिवानी में पहली बार इतनी बड़ी संख्या में बच्चों और उनके अभिभावकों का कल के कलाकार प्रतियोगिता के लिए आवेदन करना, यह दर्शाता है कि डांस और कला के प्रति यहाँ के लोगों में कितनी गहरी रुचि और जुनून है।

यह आयोजन न केवल युवा प्रतिभाओं को एक मंच प्रदान करता है, बल्कि उन्हें अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित भी करता है।
     कार्यक्रम के आयोजन में पवन कौशिक, अनिल शर्मा वत्स, राज्यपाल से पुरस्कृत राष्ट्रीय बाल कलाकार यशवी, सुरुचि परमार, मेघा शर्मा ,पिंकी, मुकेश वत्स, आशुतोष शर्मा एवं बिट्स इंटरनेशनल स्कूल से  प्रबंधक समिति एवं अध्यापकगण का भी विशेष योगदान रहा।