{"vars":{"id": "123258:4912"}}

कार व मोटरसाइकिल का एक्सीडेंट, 3 महिलाओं समेत 4 घायल

 

भिवानी

गांव सिरसा घोघड़ा में कार और मोटरसाइकिल की टक्कर में तीन महिलाओं सहित चार लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब बाइक सवार अपने घर लौट रहे थे।

सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जबकि एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गांव सिरसा घोघड़ा निवासी सुमित ने खरक कलां पुलिस चौकी में दी शिकायत में बताया कि वह मेहनत-मजदूरी करता है। शाम करीब 6 बजे वह अपनी मोटरसाइकिल पर गांव के अड्डे से घर जा रहा था। रास्ते में उसकी पड़ोसी आशा, माया और भतेरी मिलीं, जिन्होंने उससे लिफ्ट मांगी। सुमित ने तीनों को बाइक पर बैठाकर घर की ओर रवाना हुआ।

सुमित के अनुसार, रास्ते में गांव का ही एक व्यक्ति अपनी कार को तेज गति और लापरवाही से चलाता हुआ सामने से आया और साइड से मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक सड़क पर गिर गई, जिससे सुमित, आशा और भतेरी को गंभीर चोटें आईं।

हादसे के बाद परिजनों ने सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से भिवानी के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया। डॉक्टरों ने माया की हालत गंभीर देखते हुए उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। खरक कलां पुलिस चौकी ने शिकायत के आधार पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि हादसे की जांच की जा रही है और दोषी चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।