5 दिवसीय 69वीं राष्ट्रीय स्तरीय स्कूली खेल प्रतियोगिता आज से, पंजीकरण प्रक्रिया हुई पूरी
भिवानी:
स्थानीय भीम स्टेडियम में 26 से 30 नवंबर तक आयोजित होने वाली 69वीं राष्ट्रीय स्तरीय स्कूली खेल प्रतियोगिता (एथलेटिक्स) की शुरुआत से पहले मंगलवार को लडक़े व लड़कियों के अंडर-19 आयु वर्ग के खिलाडिय़ों की पंजीकरण प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी की गई।
पंजीकरण के दौरान भिवानी की जिला शिक्षा अधिकारी डा. निर्मल दहिया, उप जिला शिक्षा अधिकारी शिवकुमार तंवर, खेल संयोजक सत्यवान कोच, एईओ डा. अनिल कुमार, एईओ श्रीभगवान, और मनीष पीटीआई, बीता देवी व सुनिता देवी समस्त टीम के अन्य सदस्यों ने खिलाडिय़ों के दस्तावेजों का सत्यापन और पंजीकरण किया।
खेल संयोजक सत्यवान कोच और हरियाणा शारीरिक शिक्षक एसोसिएशन के जिला प्रधान कुलदीप महला ने बताया कि प्रतियोगिता का आयोजन स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के नियमानुसार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 26 नवंबर को प्रतियोगिता का शुभारंभ अवसर पर भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा के सांसद चौ. धर्मबीर सिंह एवं विधायक घनश्याम सर्राफ शिरकत करेंगे।
उन्होंने बताया कि इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देश भर से करीब 1800 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। ये खिलाड़ी देश के विभिन्न राज्यों की 38 टीमों का प्रतिनिधित्व करेंगे, जो इसे एक विशाल और प्रतिस्पर्धी आयोजन बनाता है। उन्होंने बताया कि यह राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता युवा एथलीटों को अपनी प्रतिभा दिखाने और राष्ट्रीय मंच पर अपने राज्यों का प्रतिनिधित्व करने का एक शानदार अवसर प्रदान करेगी।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर पूरी तैयारी की जा चुकी है। अन्य जिलों व राज्यों से आने वाले लडक़े व लड़कियों के अलग-अलग रहने की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा खाने-पीने व अन्य सुविधा भी पूरी तरह से खिलाडिय़ों को मुहैया करवाई जाएगी। जिसके लिए जिला शिक्ष अधिकारी ने विभिन्न कमेटियां बनाकर उन्हे सख्त निर्देश दिए हुए है।