{"vars":{"id": "123258:4912"}}

75वें हीरक स्थापना दिवस पर 61 शिक्षक व समाजसेवी हुए सम्मानित 

 

भिवानी :

भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के 75वें हीरक स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में स्थानीय जाट धर्मशाला के सामने चंद्रशेखर आजाद ओपन गु्रप के प्रशिक्षण केंद्र एवं कार्यालय में एक गरिमामयी विशेष शिक्षक एवं समाजसेवी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

चंद्रशेखर आजाद ओपन गु्रप द हरियाणा राज्य भारत स्काउट्स एंड गाइड्स द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में भिवानी के अतिरिक्त उपायुक्त दीपक बाबूलाल करवा और हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के उपाध्यक्ष सतीश कुमार बतौर मुख्यअतिथि शामिल हुए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता गु्रप लीडर सागर सज्जन सिंह एवं चंद्रशेखर आजाद ओपन गु्रप के वरिष्ठ सदस्य व पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी नरेश महता व मंच संचालन सह गु्रप लीडर अमित कुमार व श्रीमहावीर जैन वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की प्राचार्या व गाइड एवं रेंजर कैप्टन पुष्पा देवी ने किया। इस मौके पर सह गु्रप लीडर अंकित कुमार ने प्रशिक्षण केंद्र का निरीक्षण करवाया। इस दौरान 61 शिक्षकों व समाजसेवियों को सम्मानित किया गया।
      समारोह की शुरुआत राष्ट्रीय ध्वज फहराने और स्काउट प्रार्थना के साथ हुई, जिसने पूरे माहौल को देशभक्ति और सेवा भावना से ओत-प्रोत कर दिया।

मुख्यअतिथियों ने इस दौरान प्रशिक्षण केंद्र का निरीक्षण भी किया। इस अवसर पर बच्चों द्वारा स्काउट के गैजेट्स तैयार कर प्रस्तुत किए गए, जो उनकी रचनात्मकता और कौशल को दर्शाते थे। इसके अतिरिक्त रोवर्स रेंजर्स द्वारा नशा मुक्ति जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक विषय पर एक सशक्त गीत प्रस्तुत किया गया, जिसने सभी का ध्यान आकर्षित किया। समारोह में विदाउट फायर कुकिंग प्रतियोगिता में भाग लेने वाले बच्चों को भी पुरस्कार वितरित किए गए, जिससे उनमें रचनात्मकता और आत्मनिर्भरता की भावना को बढ़ावा मिला।
     इस मौके पर मुख्यअतिथि दीपक बाबूलाल करवा ने स्काउट्स एंड गाइड्स की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि स्काउटिंग केवल एक गतिविधि नहीं है, बल्कि यह जीवन जीने की कला सिखाती है। 75 वर्षों का यह सफर सेवा, समर्पण और अनुशासन की गौरवशाली कहानी कहता है। हमें खुशी है कि भिवानी में चंद्रशेखर आजाद ओपन गु्रप द के माध्यम से युवा पीढ़ी में समाज सेवा और अच्छे नागरिक के गुणों का संचार हो रहा है।

नशा मुक्ति जैसे विषयों पर बच्चों का प्रदर्शन दर्शाता है कि वे समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझते हैं। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के उपाध्यक्ष सतीश कुमार ने शिक्षकों और समाजसेवियों के योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि शिक्षक और समाजसेवी समाज की नींव होते हैं।

उनका सम्मान करना वास्तव में राष्ट्र निर्माण का सम्मान करना है। स्काउट्स एंड गाइड्स के मूल्य हमारे शैक्षणिक और सामाजिक जीवन में अनुशासन, नेतृत्व और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं। यह सम्मान समारोह ऐसे ही महानुभावों को प्रेरणा देने का काम करेगा, जो नि:स्वार्थ भाव से समाज की सेवा कर रहे हैं।
      कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे गु्रप लीडर सागर सज्जन सिंह ने हीरक स्थापना दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा 75वें हीरक स्थापना दिवस के अवसर पर यह सम्मान समारोह आयोजित करना गर्व की बात है। हमारा उद्देश्य बच्चों में आत्म-निर्भरता, सेवा भावना और भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान जगाना है। मुख्यअतिथियों की उपस्थिति और उनका मार्गदर्शन हमें अपने लक्ष्य की ओर आगे बढऩे के लिए प्रेरित करता है। हम भविष्य में भी ऐसे ही सामाजिक और शैक्षिक कार्यक्रमों का आयोजन करते रहेंगे।
      समारोह का सफल संचालन सह गु्रप लीडर अमित कुमार ने किया। इस दौरान गु्रप कोर्डिनेटर लक्ष्मण गौड ने भी संगठन के उद्देश्यों और आगामी योजनाओं पर प्रकाश डाला।

यह आयोजन न केवल 75वें स्थापना दिवस का उत्सव था, बल्कि यह शिक्षकों, समाजसेवियों और युवा स्काउट्स/गाइड्स के समर्पण को सम्मानित करने का एक महत्वपूर्ण मंच भी बना।
      इस अवसर पर सह गु्रप लीडर एआरएसएल सुनील वर्मा, हलवासिया विद्या विहार स्कूल से स्काउट मास्टर रमेश कुमार एवं गाइड कैप्टन विजयलक्ष्मी, जगदीश पुत्री पाठशाला स्कूल की प्राचार्य संगीता, पुलिस पब्लिक स्कूल रीना तंवर, बाल भवन पब्लिक स्कूल स्काउट मास्टर विकास, श्री सनातन धर्म वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सराय चोपड़ा स्काउट मास्टर महेश चौहान, वीरेंद्र पीटीआई, रक्तवीर मनीष कुमार, नवदुर्गा सहयोग समिति के संस्थापक सुरेश सैनी, बृजेश चावला, पर्यावरण प्रहरी कृष्ण कुमार वर्मा, डा. भीमराव अंबेडकर समिति बावड़ी गेट प्रदीप वाल्मीकि एवं ललित वाल्मीकि,  शहीद प्रताप सिंह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बापोड़ा स्काउट मास्टर कुलदीप राठी, नरेंद्र शर्मा, देशराज वशिष्ठ,  टीआईटी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय स्काउट मास्टर दिनेश शर्मा, महावीर जैन वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अंशु एवं मधु आदि उपस्थित रहे। इस दौरान 32 रोवर्स रेंजर्स को भी सम्मानित किया गया