जनवरी से मार्च में कुल 22,752 चालान किए गए
पुलिस अधीक्षक भिवानी सुमित कुमार के दिशा-निर्देशों में जिला पुलिस भिवानी द्वारा जनवरी से मार्च 2026 के दौरान यातायात नियमों की सख्ती से पालना सुनिश्चित करते हुए मोटर वाहन अधिनियम का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की गई है। इस दौरान सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिले भर में व्यापक स्तर पर चालान अभियान चलाया गया।
जिला पुलिस भिवानी द्वारा जनवरी से मार्च 2026 में मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत कुल 22,752 चालान किए गए हैं। इन चालानों का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, आमजन की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना रहा है।
मुख्य कार्रवाई का विवरण इस प्रकार है :
दोपहिया वाहन चालकों द्वारा हेलमेट का प्रयोग न करने पर 10,865 चालान किए गए।
वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग न करने पर 72 चालान किए गए।
वाहनों के शीशों पर ब्लैक फिल्म लगाकर चलाने पर 92 चालान किए गए।
बुलेट मोटरसाइकिलों में साइलेंसर बदलकर चलाने वालों के विरुद्ध 93 चालान किए गए।
लेन चेंज के नियमों का उल्लंघन करने पर 3,889 चालान किए गए।
रॉन्ग साइड ड्राइविंग करने पर 356 चालान किए गए।
मोटर वाहन अधिनियम की उल्लंघना पर 6,436 पोस्टल चालान जारी किए गए।
ओवर स्पीड के मामलों में 1,431 चालान किए गए।
शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों के 1,233 चालान किए गए।
ट्रिपल राइडिंग के मामलों में 866 चालान किए गए।
वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने पर 35 चालान किए गए।
यातायात पुलिस द्वारा शहर के प्रमुख चौकों एवं व्यस्त मार्गों पर लगाए गए आधुनिक सीसीटीवी कैमरों की सहायता से हेलमेट न पहनने, सीट बेल्ट न लगाने, मोबाइल फोन पर बात करने, ट्रिपल राइडिंग, ब्लैक फिल्म लगाने सहित अन्य यातायात उल्लंघनों के ऑनलाइन चालान किए जा रहे हैं, जो वाहन के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर सीधे भेजे जा रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक भिवानी ने जिला वासियों से अपील की है कि वे अपनी व अपने परिवार की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मोटर वाहन अधिनियम के नियमों की पूर्ण पालना करें। दोपहिया वाहन चालक अनिवार्य रूप से हेलमेट का प्रयोग करें, चार पहिया वाहन चालक सीट बेल्ट लगाएं तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें।
जिला पुलिस भिवानी द्वारा समय-समय पर विद्यार्थियों एवं आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान भी चलाए जाते हैं। जिले में सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए आमजन से पुलिस का सहयोग करने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की जाती है।