विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर एबीवीपी ने कुलगुरू को सौंपा ज्ञापन
भिवानी:
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद भिवानी द्वारा विद्यार्थियों की विभिन्न शैक्षणिक समस्याओं को लेकर वीरवार को चौ. बंसीलाल विश्वविद्यालय की कुलगुरु को ज्ञापन सौंपा।
इस ज्ञापन का नेतृत्व प्रदेश सह मंत्री विकास कायत एवं नगर मंत्री रवि भारद्वाज ने किया। इस मौके पर एबीवीपी छात्र नेताओं ने बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा घोषित 5वें सेमेस्टर के परिणाम में कई विद्यार्थियों के हॉबी क्लब के अंक अवेटेड दिखाए जा रहे हैं, जिसके कारण विद्यार्थियों का परिणाम पूर्ण रूप से अपडेट नहीं हो पा रहा है।
इससे विद्यार्थियों को आगे की शैक्षणिक प्रक्रिया में कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से मांग की है कि संबंधित विभाग को निर्देश देकर जल्द से जल्द हॉबी क्लब के अंक अपडेट करवाए जाए, ताकि विद्यार्थी सुचारू रूप से अपनी पढ़ाई जारी रख सकें। इसके अतिरिक्त परिषद ने 6वें सेमेस्टर की परीक्षा तिथियों को लेकर भी चिंता व्यक्त की।
परिषद के अनुसार परीक्षाओं के दौरान किसी भी प्रकार का अवकाश नहीं रखा गया है, जिससे लगातार परीक्षाएं होने के कारण विद्यार्थियों को तैयारी करने में कठिनाई होगी। उन्होंने मांग की कि विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परीक्षा कार्यक्रम में कम से कम एक दिन का अवकाश दिया जाए, ताकि विद्यार्थी बेहतर ढंग से अपनी तैयारी कर सकें। इस अवसर पर प्रदेश सह मंत्री विकास कायत ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद सदैव विद्यार्थियों के हितों की रक्षा के लिए कार्य करती रही है। यदि विद्यार्थियों के परिणाम में तकनीकी कारणों से कोई समस्या आ रही है तो विश्वविद्यालय प्रशासन को इसे तुरंत ठीक करवाना चाहिए, ताकि विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित न हो।
वहीं नगर मंत्री रवि भारद्वाज ने कहा कि लगातार परीक्षाएं होने से विद्यार्थियों पर अनावश्यक दबाव पड़ता है। परीक्षा कार्यक्रम में कम से कम एक दिन का अवकाश होना चाहिए, जिससे विद्यार्थी बेहतर तैयारी कर सकें और परीक्षा भी सुचारू रूप से संपन्न हो सके। इस दौरान कार्यकर्ता करण और राकेश भी मौजूद रहे।