{"vars":{"id": "123258:4912"}}

एडीसी ने स्कूलों में औचक निरीक्षण कर लिया मुख्यमंत्री सौंदर्यीकरण प्रोत्साहन योजना का जायजा

 

भिवानी।

एडीसी दीपक बाबूलाल करवा ने विभिन्न स्कूलों का दौरा किया और मुख्यमंत्री सौंदर्यकरण प्रोत्साहन योजना के तहत किए जा रहे कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्कूल मुखियाओं को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

एडीसी ने राजकीय उच्च स्कूल मिलकपुर, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल कुंगड़, राजकीय प्राथमिक पाठशाला दुधवा जोहड़  बवानी खेड़ा, राजकीय माध्यमिक विद्यालय ढाणी कुशाल, राजकीय हाई स्कूल नांगल और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धनाना के स्कूलों का दौरा किया।
इस दौरान एडीसी ने विभिन्न स्कूलों में मिड डे मील में तैयार किए जाने वाले दोपहर के भोजन की गुणवत्ता की जांच की।

उन्होंने बच्चों के लिए रसोई में रखे गए सामान को देखा। इसके साथ उन्होंने स्कूल परिसरों में सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि अधिक से अधिक पौधारोपण किया जाए। बढ़ते प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए पौधरोपण जरूरी है। उन्होंने स्कूल परिसरों की सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
एडीसी ने कहा कि बच्चों को शिक्षण कार्य के साथ-साथ नैतिक मूल्यों की जानकारी दी जाए। बच्चों के अंदर समाज और राष्ट्र सेवा की भावना का होना भी जरूरी है। निरीक्षण के दौरान एडीसी ने विभिन्न स्कूलों में पौधारोपण भी किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।