Alakhpura Hero Captain Vijendra Singh: 34 साल की देशसेवा के बाद सेना से सेवानिवृत्त होकर गांव लौटे कैप्टन विजेंद्र सिंह, भव्य स्वागत
अलखपुरा के वीर सपूत सूबेदार मेजर कैप्टन विजेंद्र सिंह का भव्य स्वागत, 34 साल देशसेवा के बाद गांव लौटने पर उमड़ा जनसैलाब
भिवानी, 06 सितंबर : हरियाणा की वीरों की धरा तोशाम क्षेत्र के गांव अलखपुरा में रविवार को देशभक्ति और उत्साह का अद्भुत माहौल देखने को मिला। भारतीय सेना के 85 आर्म्ड रेजिमेंट से 34 वर्ष की गौरवशाली सेवा पूरी कर सेवानिवृत्त हुए रिशालदार मेजर कैप्टन विजेंद्र सिंह के पैतृक गांव पहुंचने पर ग्रामीणों व परिजनों ने ऐतिहासिक स्वागत किया। विजेंद्र सिंह 31 अगस्त को सेवानिवृत्त हुए थे, जिनका रविवार को गांव सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
अलखपुरा निवासी वीरांगना माता स्व. ज्याना देवी धर्मपत्नी स्वर्गीय मूंगाराम का परिवार देशभक्ति की जीती-जागती मिसाल है। उनके चारों सुपुत्रों ने भारतीय सेना में रहकर मातृभूमि की रक्षा की और सेवानिवृत्त होकर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया। परिवार की इस सैन्य परंपरा को आगे बढ़ाते हुए माता ज्याना देवी के पौत्र सुशील कुमार (साईकलिंग/एनआईएस कोच) ने भी सेना में सेवाएं दीं। अब परिवार के चौथे पुत्र विजेंद्र सिंह के 34 वर्षों के स्वर्णिम सेवाकाल के बाद सेवानिवृत्त होकर लौटने से पूरे क्षेत्र में गर्व का माहौल है।
कैप्टन विजेंद्र सिंह का स्वागत तोशाम के प्रसिद्ध झील चौक पर फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ किया गया। वहां से युवाओं और ग्रामीणों का भारी काफिला डीजे, देशभक्ति गीतों और भारत माता की जयघोष के साथ नाचते-गाते हुए उन्हें गांव अलखपुरा लेकर पहुंचा। पूरे मार्ग में जगह-जगह लोगों ने काफिले पर पुष्पवर्षा की। घर पहुंचने पर सभी ग्रामीणों व सगे-संबंधियों ने मिलकर मुंह मीठा कराया और मिठाइयां बांटी। विजेंद्र सिंह ने अपने 34 साल के कार्यकाल में ग्वालियर, पठानकोट, बबीना, जम्मू, रुडक़ी, लद्दाख और सूरतगढ़ जैसे संवेदनशील व महत्वपूर्ण सैन्य ठिकानों पर उत्कृष्ट सेवाएं दीं।
इस अवसर पर गांव के सरपंच अभय सिंह काटीवाल व सामाजिक कार्यकर्ता मास्टर योगेश ने बताया कि गांव अलखपुरा के लिए यह अत्यंत गौरव का दिन है। स्व. ज्याना देवी के परिवार ने राष्ट्र सेवा का जो अद्वितीय उदाहरण पेश किया है, वह हर युवा के लिए प्रेरणास्रोत है। चार बेटों और पोते का सेना में समर्पण इस गांव की माटी का मान बढ़ाता है। कैप्टन विजेंद्र सिंह का 34 वर्षों का बेदाग और गौरवमयी कार्यकाल युवाओं को सेना में जाकर देश की रक्षा करने के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने कहा कि स्व. ज्याना देवी के पूरे परिवार ने त्याग और देशभक्ति की जो मिसाल कायम की है, उसे क्षेत्र हमेशा सम्मान की दृष्टि से देखेगा। इस अवसर पर भागीरथ दलाल, सूबेदार मेजर महेंद्र सिंह, कैप्टन रणवीर सिंह, सूबेदार सुशील कुमार, अमित कुमार, विजयपाल सिंह, हवलदार योगेश कुमार, डा. बिजेंद्र सिंह, शैलेंद्र सिंह, ईश्वर सिंह, कपूर सिंह, मास्टर ऋषि कुमार, डीएचओ जितेंद्र कुमार, बलकार सिंह, सूबेदार मनदीप दलाल, सोनू काटीवाल, सतबीर दलाल, गजराज सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।