{"vars":{"id": "123258:4912"}}

अंबाला: 220 फुट गहरे बोरवेल में गिरा 4 साल का बच्चा, रेस्क्यू जारी

अंबाला के गांव धन्यौड़ा में 4 वर्षीय निर्भय 220 फुट गहरे बोरवेल में गिरा। सेना और NDRF की टीमें मौके पर मौजूद, युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी।

 

अंबाला : हरियाणा के अंबाला स्थित गांव धन्यौड़ा से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 4 वर्षीय मासूम बच्चा खेलते-खेलते 220 फुट गहरे बोरवेल में गिर गया। घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। 


मिली जानकारी के अनुसार, 4 वर्षीय निर्भय सुबह करीब साढ़े छह बजे अपने पिता, चाचा और चचेरे भाई के साथ खेत पर घूमने गया था। वह अपने चाचा हरनेक सिंह के खेत में खेल रहा था, तभी अचानक उसका पैर फिसल गया और वह खुले पड़े ट्यूबवेल के गहरे बोरवेल में जा गिरा। बताया जा रहा है हादसे के वक्त परिजन वहीं पास में ही मौजूद थे। बच्चे के बोरवेल में गिरते ही चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने बिना वक्त गंवाए तुरंत गांव के सरपंच को इसकी जानकारी दी। इसके बाद तुरंत जिला प्रशासन को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला और राहत बचाव दल मौके पर पहुंच गया। उपायुक्त ने रेस्क्यू मिशन की कमान संभाली। 


मामले की गंभीरता और बोरवेल की गहराई को देखते हुए तुरंत NDRF व भारतीय सेना को भी रेस्क्यू अभियान के लिए बुला लिया गया है। मौके पर डॉक्टरों की टीम और ऑक्सीजन की सप्लाई पहुंच गई है। फिलहाल सेना और प्रशासन मिलकर बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटे हैं। इसके साथ ही कैमरे से निगरानी रखी जा रही है। मासूम के बोरवेल में गिरने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। परिजन बदहवास हैं और बच्चे के सुरक्षित बाहर आने की दुआ कर रहे हैं। प्रशासन ने मौके पर सुरक्षा के इंतजाम कर दिए हैं ताकि रेस्क्यू अभियान में किसी प्रकार की बाधा न आए।