{"vars":{"id": "123258:4912"}}

आजादी की पहली लड़ाई को समर्पित शहीद स्मारक का उद्घाटन जल्द होगा : ऊर्जा मंत्री अनिल विज
 

ऊर्जा मंत्री ने शहीद स्मारक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की और दिए दिशा-निर्देश
 
 
चण्डीगढ़, 23 मई - हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री श्री अनिल विज ने कहा कि 1857 में आजादी की पहली लड़ाई को समर्पित शहीद स्मारक का उद्घाटन जल्द होगा तथा हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सैनी भी इस स्मारक का अवलोकन कर चुके है, इसी के दृष्टिगत जो शेष कार्य बचे हुए है संबधित विभाग व एजेंसी उसे युद्ध स्तर पर करना सुनिश्चित करें।
ऊर्जा मंत्री आज शहीद स्मारक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। इस मौके पर उनके साथ उपायुक्त अजय सिंह तोमर, एसडीएम अम्बाला छावनी कनिका गोयल व शहीद स्मारक के निदेशक डा. कुलदीप सैनी मौजूद रहे।
 
श्री अनिल विज ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि यहां पर बनाया जा रहा आजादी की पहली लड़ाई का स्मारक राष्ट्रीय स्तर का स्मारक है तथा यहां पर दूर-दराज से पर्यटक आकर इसकी सुंदरता का आभास करेंगे | उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी इस स्मारक का उद्घाटन करेंगे।
 
ऊर्जा मंत्री ने बैठक के दौरान संबंधित एजेंसियों एवं विभागों के अधिकारियों से जानकारी लेने के उपरांत यहां पर टिकट  की बेहतर व्यवस्था बारे, एंट्री एवं एग्जिट गेट के अलावा अनाधिकृत गेट न लगाने बारे, म्यूजियम में लाईटिंग की व्यवस्था बारे, सीढ़ियों के साथ लाइटिंग की व्यवस्था के साथ-साथ रैंप की व्यवस्था बारे, स्मारक परिसर में रेलिंग की व्यवस्था बारे, स्मारक के अंदर गैलरी से शुरू होकर बाहर तक आने वाले रास्ते एवं अन्य बिंदुओं बारे अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।
 
उन्होंने नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया की प्रोजेक्ट निदेशक को निर्देश दिए कि शहीद स्मारक के बाहर यानि जीटी रोड पर एक्सीलेटर की व्यवस्था करने तथा जीटी रोड पर फैंसी लाइट तथा पौधारोपण किया जाए।
 
आजादी की पहली लड़ाई अंबाला छावनी से शुरू हुई थी यानि मेरठ से 10 घंटे पहले क्रांतिकारियों ने इसकी शुरुआत कर दी थी जिसके तथ्य भी है। उन्होंने कहा कि इस सारे विवरण को यहां पर थ्री-डी के माध्यम से दर्शाया जाए ताकि यहां पर आने वाले पर्यटकों एवं अन्य को आजादी की पहली लड़ाई एवं उसकी घटनाओं तथा इतिहास के बारे में संपूर्ण जानकारी मिल सके।