Bhiwani News Sports Achievement: अंजलि सिवाच की राष्ट्रीय स्तर पर शानदार जीत, सेक्टर-13 में नोटों की माला पहनाकर किया गया अभिनंदन
अंजलि सिवाच की राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक उपलब्धि, भिवानी में किया सम्मान
सही अवसर और समर्थन मिले तो दुनिया के किसी भी मंच पर कमाल कर सकती है बेटियां : डा. फूल सिंह धनाना
भिवानी, 24 सितंबर : खेल के क्षेत्र में हरियाणा की बेटियों ने एक बार फिर अपना परचम लहराया है। हाल ही में मूल रूप से झज्जर जिला के गांव जटवाड़ा तथा हाल स्थानीय डीसी कॉलोनी निवासी अंजली सिवाच ने पंजाब के लुधियाना में आयोजित यूथ नेशनल एथलेटिक चैंपियनशिप में अंडर-18 आयु वर्ग की शॉट पुट स्पर्धा में 16.02 मीटर की शानदार थ्रो के साथ स्वर्ण पदक हासिल किया है। अंजलि की इस उपलब्धि पर स्थानीय सेक्टर-13 में डा. फूल सिंह धनाना ने उन्हे नोटों की माला पहनाकर सम्मानित किया।
इस दौरान उनके साथ दि भिवानी रेजीडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान रामकिशन शर्मा भी मौजूद रहे। इस अवसर पर पूर्व चेयरमैन विजय पंचगावा, जिला पार्षद रेणू बाला, प्रधान दिलबाग सांगवान, प्रधान धर्मबीर नेहरा, राजपाल आईजी, रामदेव तायल, सूर्या तंवर एमसी, बलवान प्रधान, भूपेंद्र कोच, संदीप यादव एमसी ने भी अंजली की उपलब्धि पर बधाई दी। इस अवसर पर डा. फूल सिंह धनाना ने कहा कि अंजलि की यह उपलब्धि असाधारण है। एक छोटे से शहर से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतना, विशेषकर 16.02 मीटर की शानदार थ्रो के साथ, उनकी कड़ी मेहनत, लगन और उनके कोच के सही मार्गदर्शन का प्रमाण है। उनकी यह सफलता केवल एक पदक नहीं है, बल्कि यह क्षेत्र की अन्य सभी बेटियों के लिए एक बड़ी प्रेरणा है।
अंजलि की उपलब्धि यह साबित करती है कि अगर बेटियों को सही अवसर और समर्थन मिले, तो वे दुनिया के किसी भी मंच पर कमाल कर सकती हैं। वही अंजलि ने भी अपनी सफलता का श्रेय अपने कोच अमित सोलंकी, पिता संदीप सिवाच और माता अंजू देवी सहित सभी बड़ों के आशीर्वाद को दिया। यह सम्मान समारोह न केवल अंजलि की सफलता का जश्न था, बल्कि यह समाज को यह याद दिलाने का एक अवसर भी था कि अगर बेटियों को समर्थन और विश्वास दिया जाए, तो वे आसमान छू सकती हैं।