Agniveer Recruitment Rally Bhiwani: कर्नल बीआर शेखावत ने दी जानकारी, 7,138 उम्मीदवारों को जारी किए गए एडमिट कार्ड
थल सेना की अग्निवीर भर्ती रैली के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी: कर्नल बीआर शेखावत
भीम स्टेडियम भिवानी में 2 से 15 सितंबर तक होगी थल सेना की अग्निवीर भर्ती रैली
भिवानी, 01 सितंबर। भीम स्टेडियम भिवानी में दो सितंबर से शुरू होने वाली थल सेना की अग्निवीर भर्ती रैली के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। भर्ती रैली दो से 15 सितंबर तक आयोजित की जाएगी। इस संबंध में डायरेक्टर (स्टेट्स), मुख्यालय अम्बाला सेना भर्ती कार्यालय के कर्नल बीआर शेखावत ने भर्ती रैली में आए सेना के अधिकारियों एवं सभी पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।
कर्नल बीआर शेखावत ने जानकारी देते हुए कहा कि सेना का अनुशासन सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि भर्ती रैली में उम्मीदवारों का प्रवेश प्रतिदिन सुबह 4 बजे से किया जाएगा। ऑनलाइन परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले उम्मीदवारों को शारीरिक परीक्षण के लिए एडमिट कार्ड जारी किए जा चुके हैं। अग्निवीर बनने के इच्छुक उम्मीदवारों को 1600 मीटर दौड़ में निर्धारित तिथियों के अनुसार अलग-अलग श्रेणियों में भाग लेना होगा।
कर्नल बीआर शेखावत ने बताया कि अग्निपथ योजना के तहत सेना भर्ती कार्यालय, चरखी दादरी द्वारा महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, चरखी दादरी और भिवानी जिलों के ऑनलाइन परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले कुल 7,138 उम्मीदवारों को शारीरिक परीक्षण के लिए प्रवेश पत्र जारी किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि भीम स्टेडियम भिवानी में आयोजित होने वाली भर्ती रैली के दौरान उम्मीदवारों का शारीरिक परीक्षण पूरी पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से निर्धारित प्रक्रिया एवं नियमों के अनुसार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि भर्ती प्रक्रिया में ड्यूटी पर तैनात सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अनुशासन का परिचय देते हुए अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी पारदर्शिता और नियमानुसार करने के निर्देश दिए गए हैं।