{"vars":{"id": "123258:4912"}}

बहादुरगढ़ एनकाउंटर: लॉरेंस बिश्नोई गैंग के 2 इनामी बदमाश ढेर

बहादुरगढ़ में STF और दिल्ली पुलिस का संयुक्त ऑपरेशन। हांसी जिम संचालक कपिल हत्याकांड के आरोपी 1-1 लाख के इनामी बदमाश मुठभेड़ में ढेर। दिल्ली पुलिस का एक जवान घायल।

 

झज्जर: हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और दिल्ली पुलिस की एनकाउंटर इंटेलिजेंस स्पेशल सेल ने बहादुरगढ़ में संयुक्त ऑपरेशन को अंजाम दिया. दोनों टीमों ने मिलकर हांसी के जिम संचालक कपिल हत्याकांड में वांछित एक-एक लाख के दो इनामी बदमाशों को मुठभेड़ में मार गिराया. कार्रवाई के दौरान दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल अंकित के पैर में गोली लगी. जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया.

बहादुरगढ़ में पुलिस मुठभेड़: पुलिस के अनुसार गुप्त सूचना मिली थी कि प्रवेश निवासी टिब्बा दानाशेर (जिला हिसार) और हिमांशु निवासी जाखोड़ खेड़ा (जिला हिसार) बहादुरगढ़ क्षेत्र में मौजूद हैं. सूचना थी कि दोनों हथियारों से लैस हैं और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं. इसके बाद STF बहादुरगढ़ और दिल्ली पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस स्पेशल सेल ने संयुक्त अभियान चलाकर दोनों की घेराबंदी की.

लॉरेंस बिश्नोई गैंग के दो बदमाश ढेर: पुलिस का कहना है कि घेराबंदी के दौरान दोनों आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. जवाब में आत्मरक्षा के तहत पुलिस ने भी गोलीबारी की, जिसमें दोनों आरोपी घायल हो गए. उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. मुठभेड़ के दौरान दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल अंकित के पैर में गोली लगी. उनका उपचार जारी है. इसके अलावा चार पुलिसकर्मियों की बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोली गली.

हांसी में जिम संचालक हत्याकांड के आरोपी: हरियाणा एससीएफ एसपी विक्रांत भूषण ने कहा कि "दोनों आरोपी थाना सिटी हांसी में दर्ज एफआईआर संख्या 379, दिनांक 11 जून 2026 में वांछित थे. ये मामला हांसी में दिनदहाड़े जिम संचालक कपिल की गोली मारकर हत्या से जुड़ा है. दोनों आरोपियों पर हरियाणा पुलिस ने एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया हुआ था. प्रवेश और हिमांशु लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े हुए थे. मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल से हथियार और अन्य साक्ष्य कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. संगठित अपराध और गैंगस्टरों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा."