Haryana Census Update: जनगणना के दूसरे चरण के लिए मास्टर ट्रेनरों ने दी ट्रेनिंग, नगराधीश अनिल कुमार ने दिए ये निर्देश
भिवानी में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के लिए दो दिवसीय कार्यशाला आयोजित। मास्टर ट्रेनरों ने अधिकारियों व कर्मचारियों को डिजिटल जनगणना की ट्रेनिंग दी।
जनगणना के द्वितीय चरण की तैयारी समय रहते पूरी की जाए: नगराधीश अनिल कुमार
जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों को लेकर कर्मचारियों को दिया प्रशिक्षण
मास्टर ट्रेनरों ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनगणना की प्रक्रिया, दायित्वों और कार्यप्रणाली की दी जानकारी
भिवानी, 13 अक्टूबर। लघु सचिवालय स्थित कॉफ्रेंस हॉल में डीसी साहिल गुप्ता के मार्गदर्शन में जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारियों को लेकर दो दिवसीय कार्यशाला आयोजित हुई। कार्यशाला की अध्यक्षता नगराधीश अनिल कुमार ने की। इस दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि जनगणना का कार्य सुचारू रूप से पूरा करने के लिए तैयारियां समय रहते पूरी की जाएं। प्रथम चरण में मकानों की सूची तैयार करने का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि दूसरे चरण में घर-घर जाकर जनसंख्या की गणना की जाएगी। इस कार्य को पूर्णतया डिजीटल रूप से तैयार किया जाएगा। कार्यशाला में चार्ज अधिकारियों, सुपरवाइजरों, एन्यूमरेटरों और संबंधित कर्मचारियों की ट्रेनिंग, ड्यूटी निर्धारण तथा कार्यक्षेत्रों के सीमांकन बारे विस्तार से जानकारी दी।
कार्यशाला में चंडीगढ़ से मास्टर ट्रेनर एवं जनगणना अधिकारी जसबीर सिंह और जिला समन्वय अधिकारी सन्नी बलहारा ने जनगणना की डिजीटल कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनसंख्या गणना के लिए पीई मोबाइल ऐप और सीएमएमएस पोर्टल का उपयोग किया जाएगा। मोबाइल ऐप में 16 भाषाओं की सुविधा उपलब्ध होगी और इसके माध्यम से एन्यूमरेटर घर-घर जाकर आंकड़े दर्ज करेंगे। ऐप ऑफलाइन भी काम करेगा तथा इंटरनेट की आवश्यकता मुख्य रूप से पंजीकरण और आंकड़े अपलोड करने के लिए होगी। सीएमएमएस पोर्टल से कर्मचारियों की तैनाती, प्रशिक्षण, नियुक्ति पत्र, पहचान पत्र और कार्य की प्रगति की निगरानी की जा सकेगी। गांव, शहर, तहसील, उपमंडल और जिला स्तर तक जनगणना कार्य की स्थिति पर नजर रखी जाएगी। उन्होंने बताया कि जनगणना-2027 के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना की प्रक्रिया एक अप्रैल 2026 से 14 सितंबर 2026 तक की जा चुकी है।
उप जिला जनगणना अधिकारी रणबीर सिंह ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से जनगणना कार्य को गंभीरता, जिम्मेदारी और निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा करने का आह्वान किया। कार्यशाला में जिले के सभी चार्ज जनगणना अधिकारी, तहसीलदार तथा शहरी क्षेत्रों की नगर परिषदों एवं नगर पालिकाओं के कार्यकारी अधिकारी, सचिव और जिला सांख्यिकी कार्यालय के अधिकारी मौजूद रहे।