भिवानी: प्रदीप हत्याकांड का खुलासा; 6 आरोपी गिरफ्तार, हत्या कर रेलवे ट्रैक पर फेंका था शव
भिवानी सीआईए पुलिस ने प्रदीप हत्याकांड में मुख्य आरोपियों सहित 6 को दबोचा। पुरानी रंजिश में हत्या कर शव को हिसार रेलवे लाइन पर रखा था। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।
सीआईए स्टाफ प्रथम भिवानी ने बहल निवासी प्रदीप हत्या मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी सहित 06 आरोपियों को किया गिरफ्तार, 04 आरोपियों को 04 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया।
मामले में प्रताप पुत्र मेहरचंद निवासी बहल ने थाना बहल में शिकायत दर्ज करवाई थी कि दिनांक 24.05.2026 को शाम करीब 7.00 बजे उसका पुत्र प्रदीप कुमार उम्र 21 वर्ष घर से गया था, जो काफी देर तक वापस नहीं लौटा। शिकायत के आधार पर दिनांक 25.05. 2026 को थाना बहल में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किया गया था।
इसके बाद परिवारजनों को सूचना मिली कि जीआरपी हिसार को सिवानी फाटक के पास एक युवक का शव मिला है। परिवारजन जब जीआरपी हिसार पहुंचे तो मृतक की पहचान प्रदीप कुमार के रूप में हुई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री सुमित कुमार द्वारा सीआईए स्टाफ प्रथम भिवानी के प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार को आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए थे। निर्देशों के तहत कार्रवाई करते हुए निरीक्षक रविंद्र कुमार के नेतृत्व में उप निरीक्षक अजय कुमार अपनी टीम के साथ लगातार आरोपियों की तलाश में जुटे हुए थे।
कार्रवाई के दौरान दिनांक 31.05. 2026 को पुलिस टीम बस अड्डा कतवार के पास मौजूद थी, जहां विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली कि प्रदीप हत्या मामले में वांछित दो आरोपी कतवार नहर पुलिया के पास खड़े हैं और कहीं भागने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने रेड कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
✍️ गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तनिश पुत्र मनजीत निवासी सुरपुरा कला तथा अमित पुत्र सुरेश निवासी गोपालवास के रूप में हुई।
मामले में आगे गहनता से जांच करते हुए आज दिनांक 01 जून 2026 को प्रातः उप निरीक्षक अजय कुमार अपनी टीम के साथ गांव निगाना कलां में मौजूद थे। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि प्रदीप हत्या मामले में वांछित चार आरोपी निगाना पहाड़ी पर बने कोठड़े में छिपे हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर रेड की, जहां से आरोपी रोहित उर्फ बच्ची पुत्र सत्यप्रकाश निवासी गोपालवास तथा अमित पुत्र अजयपाल निवासी मंढोली कलां को गिरफ्तार किया गया।
वहीं पुलिस टीम को देखकर दो आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए गिरने के कारण घायल हो गए जिन्हें घायल अवस्था में उपचार हेतु सामान्य अस्पताल भिवानी में दाखिल कराया गया।
✍️ जिनकी पहचान हिमांशु पुत्र विजय कुमार निवासी तलवानी उम्र तथा हरकेश पुत्र कुलदीप निवासी मंढोली कलां के रूप में हुई है।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों की मृतक प्रदीप के साथ पुराने झगड़े को लेकर रंजिश थी। इसी रंजिश के चलते सभी आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से दिनांक 24.05.2026 को आरोपी तनिश ने प्रदीप को बहल स्थित कृष्णा वाटिका में बुलाया। इसके बाद आरोपी उसे बोलेरो कैंपर गाड़ी में बैठाकर इधर-उधर घूमाते रहे तथा बाद में देवराला जाने की बात कहकर साथ ले गए। रास्ते में सभी आरोपियों ने मिलकर प्रदीप के साथ मारपीट की तथा गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपीयों ने इस हत्या को हादसा दिखाने के लिए प्रदीप के शव को हिसार - राजगढ़ रेलवे लाईन की पटरी पर बीचो-बीच में रख दिया था।
पुलिस रिमांड अवधि के दौरान आरोपियों से गहन पूछताछ की जाएगी तथा वारदात में प्रयोग किए गए सामान की बरामदगी के प्रयास किए जाएंगे।
पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री सुमित कुमार ने जिले के सभी प्रबंधक थाना को निर्देश दिए हैं जिले में संगीन अपराध की वारदात में शामिल आरोपियों को किसी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा अपराध में शामिल आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।