भिवानी: बवानी खेड़ा में हेरोइन के साथ दो गिरफ्तार, आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड
भिवानी पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल ने बवानी खेड़ा स्टेडियम के पास से दो युवकों को 5.66 ग्राम हेरोइन सहित पकड़ा। आरोपी अनूप और सन्नी से पूछताछ में बनभौरी लिंक का खुलासा।
एंटी नारकोटिक्स सैल भिवानी की टीम ने बवानी खेड़ा से दो आरोपियों को मादक पदार्थ (हेरोइन) के साथ किया गिरफ्तार।
पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री सुमित कुमार के दिशा-निर्देशानुसार जिला पुलिस द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कार्रवाई करते हुए एंटी नारकोटिक्स सैल भिवानी की टीम ने दो आरोपियों को हेरोइन सहित गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
दिनांक 20.04.2026 को एंटी नारकोटिक्स सैल भिवानी के एएसआई राजेश अपनी टीम के साथ गश्त के दौरान बवानी खेड़ा क्षेत्र में मौजूद थे। इसी दौरान पुलिस टीम को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना प्राप्त हुई कि बवानी खेड़ा स्टेडियम के पास दो व्यक्ति मादक पदार्थ बेचने के इरादे से खड़े हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और दोनों आरोपियों को काबू किया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अनूप पुत्र बलवान निवासी पावर हाउस के पास, बवानी खेड़ा तथा सन्नी पुत्र जोगेंद्र निवासी वार्ड नंबर- 5, बवानी खेड़ा के रूप में हुई है।
पुलिस टीम द्वारा आरोपियों के कब्जे से 5.66 ग्राम मादक पदार्थ हेरोइन तथा ₹ 1,000 बरामद किए गए हैं।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी अनूप ड्राइवरी का कार्य करता है और उसके विरुद्ध पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है, जबकि आरोपी सन्नी मजदूरी का कार्य करता है तथा उसके खिलाफ पहले भी चोरी के मामले दर्ज हैं। आरोपियों ने मादक पदार्थ बरवाला के पास गांव बनभौरी से खरीदना बताया है।
दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर 01 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। रिमांड अवधि के दौरान आरोपियों से गहन पूछताछ कर मादक पदार्थ आपूर्ति श्रृंखला से जुड़े अन्य व्यक्तियों के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी।