भिवानी: अंबेडकर कॉलोनी में 10 दिनों से पानी ठप्प, महिलाओं ने काटा बवाल
भिवानी की अंबेडकर कॉलोनी में 10 दिनों से पेयजल आपूर्ति ठप्प होने पर महिलाओं का प्रदर्शन। जनसंघर्ष समिति के हस्तक्षेप के बाद विभाग ने जल्द समाधान का दिया आश्वासन।
भिवानी, 06 मई : जनसंघर्ष समिति भिवानी के नेतृत्व स्थानीय हनुमान गेट के नजदीक अंबेडकर कालोनी में पिछले 10 दिनों से पीने का पानी की आपूर्ति ठप्प होने के कारण कालोनी वासियों का गुस्सा फूट पड़ा तथा बुधवार को बड़ी संख्या में इक_ा होकर महिलाओं ने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन करके बवाल काटा। इसी दौरान महिलाओं ने जनसंघर्ष समिति के संयोजक व माकपा नेता कामरेड ओमप्रकाश व सुखदेव सिंह पालुवास को फोन करके बुला लिया तथा उन्होंने तुरंत विभाग के कार्यकारी अभियंता कपिल वर्मा से बात की तथा कालोनी वासियों की पीने के पानी नहीं आने से हो रही समस्याओं से अवगत कराया तथा शीघ्र उनकी समस्या के समाधान की अपील की। उन्होंने बताया कि करीब सांयकाल 2.5 बजे अंबेडकर कालोनी में पानी छोड़ दिया जाएगा, फिर भी कोई समस्या हुई तो उनके पास पानी के टैंकर भेज दिए जाएंगे।
कामरेड ओमप्रकाश, सुखदेव पालवास व कालोनीवासी कप्तान रामभगत व अतर सिंह ने बताया कि अंबेडकर कालोनी में दो बुस्टरों से पानी आपूर्ति होती है। एक बुस्टर पीपली वाली जोहड़ी की तरफ से तथा दूसरा बूस्टर हनुमान गेट से वहां पानी की आपूर्ति करते है। दोनों के वाल्व नहीं खोले जा रहे है, सभी वाल्व खुलने से पानी का दबाव बन जाता है, उसी से प्रैसर बनकर दूरदराज तक फैली हुई कालोनी में सभी घरों में पानी आ पाता है। पीने के पानी की लाईन भी कहीं सीवरेज से मिली हुई है और आम दिनों में भी गंदा पानी आता है। अब गर्मी के मौसम में भारी परेशानी रहती है। अब तो 10 दिनों से पानी बिलकुल ही नहीं आ रहा है। कालोनी वासियों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे उनका घेराव करने पर मजबूर होंगे। प्रदर्शन में सीताराम प्रजापत, बंटी अली, जसपाल सिंह, आमीर, ईश्वर सिंह, मुन्नी देवी, निर्मला, भतेरी, मीना, अंगूरी, रोशनी, सत्तोष, चमेली, सुमन सहित कालोनी की कई महिलांए शामिल हुई।