Haryana Updates: किसानों को न हो कोई परेशानी, कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी ने भिवानी मंडी में जांची बायोमेट्रिक गेट पास प्रक्रिया
सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी ने भिवानी अनाज मंडी का औचक निरीक्षण कर फसल खरीद, गेट पास और किसानों के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
मंडी में गेट पास से लेकर फसल भुगतान तक किसानों को न हो परेशानी: सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी
सिंचाई मंत्री ने श्रुति चौधरी भिवानी अनाज मंडी का दौरा कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
भिवानी, 07 अक्टूबर। सिंचाई तथा जल संसाधन और महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी ने बुधवार को भिवानी अनाज मंडी का दौरा किया। उन्होंने यहां पर फसल खरीद और किसानों के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उनके साथ भाजपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र कौशिक, एसडीएम महेश कुमार समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। कैबिनेट मंत्री ने फसल बेचने आए एक किसान के गेट पास की बायोमेट्रिक स्वयं कर प्रकिया जांची।
कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी ने मंडी में फसल में नमी की जांच और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने मार्केट कमेटी अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को गेट पास, फसल खरीद, माप-तोल, उठान और फसल की कीमत भुगतान तक की प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने खरीद प्रक्रिया समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने मंडी में बिजली-पानी, शौचालयों की स्वच्छता व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। कैबिनेट मंत्री ने निर्देश दिए कि खरीद सीजन के दौरान कैंटीन नियमित रूप से संचालित हो। किसानों को स्वच्छ, पौष्टिक व गुणवत्तापूर्ण भोजन मिले। उन्होंने कहा कि
अधिकारियों को निर्देश दिए गए है कि मंडी में किसानों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। साथ ही अधिकारियों से मंडी की व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों के साथ मंडी में सम्मानजनक व्यवहार किया जाए और उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर मार्केट कमेटी चेयरमैन कृष्ण नीलाहेड़ी, डीएमईओ ज्योति धनखड़, मार्केट कमेटी सचिव संदीप लोहान, मार्केटिंग बोर्ड के कार्यकारी अभियंता निखिल राठी, सहायक सचिव अनिल बुल्ला, खरीद एजेंसी से गुरु प्रसाद सहित विभिन्न अधिकारी उपस्थित रहे।