{"vars":{"id": "123258:4912"}}

आईसीएमएआई भिवानी चैप्टर में सेना, वायुसेना और नौसेना के जांबाजों ने किया योगाभ्यास
 

अनुशासित और संतुलित जीवन के लिए योग को दिनचर्या का हिस्सा बनाना जरूरी : सीएमए संदीप शर्मा
 
 

भिवानी, 21 जून : रक्षा मंत्रालय से प्राप्त विशेष निर्देशों के अनुपालन में रविवार को भिवानी में भी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस बड़े ही उत्साह, उमंग और राष्ट्रभक्ति के माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर महानिदेशालय पुनर्वास के तहत प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे भारतीय सशस्त्र बलों के वीर सैनिकों के लिए विशेष योग सत्रों का आयोजन किया गया। इसी कड़ी में भारतीय लागत लेखाकार संस्थान (आईसीएमएआई) के भिवानी चैप्टर द्वारा योग शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें भारतीय सेना, वायु सेना और नौसेना के जांबाजों ने सक्रिय रूप से भाग लेकर एकता और अनुशासन का अनूठा संदेश दिया। चैप्टर द्वारा आयोजित इस विशेष योग सत्र का मुख्य उद्देश्य सैनिकों और आम जनमानस में शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन, आंतरिक शांति एवं एक स्वस्थ व तनावमुक्त जीवनशैली को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम के दौरान देश के रक्षकों ने विभिन्न योगासनों, सूर्य नमस्कार और प्राणायाम का पूरी तन्मयता से अभ्यास किया। इस अवसर पर आईसीएमएआई भिवानी चैप्टर के पदाधिकारियों और भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारियों ने न केवल योगाभ्यास किया, बल्कि अपने विचार और अनुभव भी साझा किए। इस मौके पर आईसीएमएआई भिवानी चैप्टर के चेयरमैन सीएमए संदीप शर्मा ने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का साधन नहीं है, बल्कि यह मन और आत्मा को जोडऩे का विज्ञान है। हमारे सैनिक देश की सीमाओं पर अत्यंत कठिन परिस्थितियों में काम करते हैं। ऐसे में योग उनके मानसिक और शारीरिक संतुलन को बनाए रखने में एक अचूक कवच की तरह काम करता है। हम सभी को एक अनुशासित, स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने के लिए योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का अनिवार्य हिस्सा बनाना चाहिए। शिविर में मौजूद सैन्य अधिकारियों ने भी योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि दैनिक जीवन में योग को अपनाने से कार्यक्षमता में वृद्धि होती है और तनाव से मुक्ति मिलती है। इस अवसर पर वाईस चेयरमैन सीएमए दीपक कुमार मेहता, प्रबंधन समिति सदस्य सीएमए रणदीप शर्मा, सूबेदार मेजर सुदेश कुमार, सूबेदार आत्मा राम, सूबेदार जसवीर सिंह, सीएचएम प्रमोद कुमार, हवलदार छोटू राम, नायक सतपाल ने भी योग क्रियाएं करवाई। इस अवसर पर तीनों सेनाओं के सैनिक एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।