{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Congress Press Conference Bhiwani: अशोक तंवर का बीजेपी पर तीखा तंज, कहा- दो साल का कार्यकाल कुशासन और वादाखिलाफी से भरा

भिवानी में कांग्रेस नेता अशोक तंवर ने बीजेपी सरकार के दो साल के कार्यकाल को विफल बताया। 2 लाख नौकरियां और लाडो लक्ष्मी योजना पर मांगा हिसाब।

 

भिवानी में कांग्रेस नेता अशोक तंवर ने भाजपा सरकार पर बोला तीखा हमला, 2 लाख नौकरियों और लाडो लक्ष्मी योजना पर मांगा हिसाब

हरियाणा प्रदेश में दो वर्ष में विकास कायर्य हुए है तो उनका श्वेत पत्र जारी करे सरकार : डा. अशोक तंवर 

हरियाणा के नायब सैनी सरकार के दो साल कुशासन और वादाखिलाफी से भरे : डा. अशोक तंवर

24 फसलों पर एमएसपी का दावा झूठा, मंडियों में भटक रहा किसान, मुख्यमंत्री दूसरे राज्यों के दौरों में व्यस्त : डा. अशोक तंवर

बिना पर्ची-खर्ची के दावे बेनकाब, पेपर लीक का बोलबाला, गरीबों को आवास का वादा भी अधूरा : डा. अशोक तंवर

जिला अध्यक्ष अनिरुद्ध चौधरी और प्रदीप गुलिया बोले : हर वर्ग ठगा महसूस कर रहा, सडक़ से सदन तक उठाएंगे मुद्दे

भिवानी, 21 अक्तूबर : स्थानीय जैन चौक स्थित तिलक भवन में बुधवार को आयोजित पत्रकार वार्ता के कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने नायब सैनी सरकार के दो साल के कार्यकाल को पूरी तरह विफल, कुशासन और वादाखिलाफी से भरा करार दिया है। पत्रकार वार्ता को कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद डॉ. अशोक तंवर ने संबोधित करते हुए सरकार को हर मोर्चे पर घेरते हुए जनता के साथ धोखाधड़ी करने के तीखे आरोप लगाए।

पत्रकार वार्ता में डा. अशोक तंवर ने भाजपा के 2024 के चुनावी संकल्प पत्र के वादों की पोल खोलते हुए कहा कि सरकार ने चुनाव के समय युवाओं को दो लाख पक्की सरकारी नौकरियां देने का बड़ा वादा किया था। परंतु आज धरातल पर भर्तियों का बेहद बुरा हाल है और पूरे प्रदेश में पेपर लीक का बोलबाला है। बिना पर्ची और बिना खर्ची के लंबे-चौड़े दावे करने वाली यह सरकार पूरी तरह से बेनकाब हो चुकी है।  महिला कल्याण और अन्य बुनियादी योजनाओं पर बोलते हुए डा. तंवर ने लाडो लक्ष्मी योजना का जिक्र किया और कहा कि महिलाओं को हर महीने 2100 रुपये देने का वादा कर चुनावों में वोट तो हासिल कर लिए गए, लेकिन अब तरह-तरह की जटिल शर्तें और पात्रता नियम थोपकर लाभार्थियों को इस योजना से बाहर किया जा रहा है। इसके साथ ही, प्रति परिवार 10 लाख रुपये के स्वास्थ्य बीमा और सरकारी अस्पतालों में मुफ्त डायलिसिस के वादे भी पूरी तरह कागजी घोषणा साबित हुए हैं। गरीबों को 5 लाख नए आवास देने और कांग्रेस कार्यकाल में आवंटित 100-100 गज के प्लॉटों की कॉलोनियों को नियमित करने के मोर्चे पर भी यह सरकार पूरी तरह विफल रही है।

अन्नदाता किसानों के मुद्दों को उठाते हुए नेताओं ने कहा कि 24 फसलों पर एमएसपी का दावा करने वाली सरकार की मंडियों में आज बाजरा, धान, गेहूं और सरसों लेकर पहुंचने वाला किसान अपनी फसल बेचने के लिए दर-दर भटक रहा है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर करारा तंज कसते हुए नेताओं ने कहा कि जब पूरा हरियाणा बिजली-पानी की गंभीर किल्लत और बुनियादी सुविधाओं के अभाव से जूझ रहा है, तब मुख्यमंत्री अपनी जनता की समस्याओं को दरकिनार कर पंजाब, बिहार के दौरों और विदेश यात्राओं में व्यस्त हैं। इसके अलावा, मेरठ-दिल्ली आरआरटीएस तो शुरू हो गया, लेकिन हरियाणा से जुड़ी पानीपत-करनाल और गुरुग्राम-रेवाड़ी-अलवर जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं वर्षों से फाइलों में लटकी हुई हैं।

इस मौके पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष (ग्रामीण) अनिरूद्ध चौधरी और कांग्रेस जिला अध्यक्ष (शहरी) प्रदीप गुलिया जोगी ने कहा कि आज प्रदेश का पढ़ा-लिखा युवा रोजगार के लिए दर-दर भटक रहा है और सरकार झूठे आंकड़ों से युवाओं को गुमराह कर रही है। उन्होंने एक स्वर में ऐलान किया कि प्रदेश का हर वर्ग चाहे वह किसान हो, मजदूर हो, युवा हो, महिलाएं हों या छोटा व्यापारी खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है। कांग्रेस पार्टी जनता के इन सभी ज्वलंत मुद्दों और अधिकारों की लड़ाई को चुपचाप बैठने वाली नहीं है। कांग्रेस पार्टी इन जनविरोधी नीतियों के खिलाफ सडक़ से लेकर सदन तक पूरी ताकत और मजबूती के साथ आवाज उठाएगी और सरकार को उसकी नाकामियों का जवाब देने के लिए विवश कर देगी। इस मौके पर पूर्व विधायक डा. शिवशंकर भारद्वाज सहित सभी प्रकोष्ठों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।