{"vars":{"id": "123258:4912"}}

- जिले में 15 जुलाई से 14 सितंबर तक आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए लगेंगे विशेष कैंप
 

- जिले में अब तक 7.21 लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड बने, 1.55 लाख लाभार्थियों को मिला योजना का लाभ
 
 

भिवानी, 14 जुलाई। आयुष्मान योजना के तहत पात्र व्यक्तियों को लाभ पहुंचाने के लिए 15 जुलाई से 14 सितंबर तक सरकारी अस्पतालों व प्राथमिक चिकित्सा केंद्रों में शिविरों का आयोजन किया जाएगा। पात्र लाभार्थी अपना आयुष्मान कार्ड पीएचसी, सीएचसी, एसडीएच अथवा जिले के सूचीबद्ध अस्पतालों में बनवा सकते हैं। इसके अलावा आयुष्मान भारत ऐप के माध्यम से भी स्वयं कार्ड बनाया जा सकता है। लाभाथी नजदीकी सीएससी केंद्र से भी अपना कार्ड बनवा सकते हैं। इसके अलावा सभी गांवों व वार्ड स्तर पर विशेष कैंप आयोजित होंगे।
सिविल सर्जन डॉ. रघुबीर शांडिल्य ने जानकारी देते हुए बताया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत जिला भिवानी में अब तक 7,21,164 आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। जिले में योजना के अंतर्गत 42 निजी तथा 37 सरकारी अस्पताल सूचीबद्ध हैं, जहां पात्र लाभार्थियों को कैशलेस उपचार की सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने बताया कि अब तक 1,55,057 लाभार्थी आयुष्मान भारत योजना का लाभ प्राप्त कर चुके हैं तथा उनके उपचार पर लगभग 165 करोड़ 26 लाख 47 हजार 923 रुपये की राशि व्यय की जा चुकी है।
सिविल सर्जन डॉ. रघुवीर शांडिल्य ने बताया कि जिले में अभी भी लगभग 1,66,800 आयुष्मान कार्ड बनाए जाने शेष हैं। सभी पात्र लाभार्थियों के 100 प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनाने के उद्देश्य से 15 जुलाई से 14 सितंबर तक गांव एवं वार्ड स्तर पर विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। इन कैंपों के माध्यम से लंबित कार्ड बनाने के कार्य में तेजी लाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार सभी कॉमन सर्विस सेंटर पर आयुष्मान कार्ड के लिए ई-केवाईसी नि:शुल्क की जाएगी। पात्र लाभार्थी अपना आयुष्मान कार्ड नजदीकी सीएससी केंद्र, पीएचसी, सीएचसी, एसडीएच अथवा जिले के सूचीबद्ध अस्पतालों में बनवा सकते हैं। इसके अलावा आयुष्मान भारत ऐप के माध्यम से भी स्वयं कार्ड बनाया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए आधार कार्ड, परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) अथवा राशन कार्ड तथा आधार से लिंक मोबाइल नंबर आवश्यक है। जिले के सभी पात्र लाभार्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना आयुष्मान कार्ड अवश्य बनवाएं और सरकार की इस महत्वाकांक्षी स्वास्थ्य योजना का अधिकतम लाभ उठाएं।