Gaurav Rohilla Bal Kalyan Parishad Bhiwani News: जिला बाल कल्याण अधिकारी गौरव रोहिल्ला ने दीप प्रज्वलित कर किया शुभारंभ, बच्चों का बढ़ाया हौसला
बाल महोत्सव के दूसरे दिन विभिन्न प्रतियोगिताओं में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा
भिवानी, 29 अक्टूबर। डीसी साहिल गुप्ता के मार्गदर्शन में स्थानीय जिला बाल कल्याण परिषद परिसर में आयोजित बाल महोत्सव-2026 के दूसरे दिन विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला बाल कल्याण अधिकारी गौरव रोहिल्ला ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि बाल महोत्सव बच्चों की प्रतिभा निखारने, आत्मविश्वास बढ़ाने और उनकी रचनात्मक एवं सांस्कृतिक क्षमताओं को प्रोत्साहित करने का महत्वपूर्ण मंच है।
महोत्सव के दूसरे दिन एकल नृत्य के प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं चतुर्थ समूह, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के द्वितीय, तृतीय एवं चतुर्थ समूह, भाषण प्रतियोगिता के तृतीय एवं चतुर्थ समूह तथा सर्वश्रेष्ठ अभिनय प्रतियोगिता के प्रथम एवं द्वितीय समूह के मुकाबले आयोजित किए गए। इनमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी कला, ज्ञान और अभिव्यक्ति कौशल का प्रदर्शन किया।
30 अक्टूबर को होंगी विभिन्न प्रतियोगिताएं
जिला बाल कल्याण परिषद द्वारा 30 अक्टूबर को एकल शास्त्रीय नृत्य के द्वितीय, तृतीय एवं चतुर्थ समूह, देशभक्ति समूहगान के तृतीय एवं चतुर्थ समूह, एकल गायन के द्वितीय, तृतीय एवं चतुर्थ समूह तथा वेशभूषा प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। परिषद का उद्देश्य बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक, बौद्धिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने के अवसर प्रदान करना तथा उनके सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देना है। बाल महोत्सव के माध्यम से बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, आत्मविश्वास बढ़ाने और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।