बवानीखेड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एसी कंप्रेसर चोरी मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
बवानी खेड़ा (भिवानी) पुलिस ने दुकानों से एसी के कंप्रेसर चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी का सामान और वारदात में प्रयुक्त गाड़ी बरामद कर ली है।
Bhiwani 31 July 2026
पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री सुमित कुमार, आईपीएस के निर्देशानुसार जिले में चोरी की वारदातों में शामिल आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर उनके विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कार्रवाई करते हुए थाना बवानी खेड़ा पुलिस ने दुकानों के ऊपर लगे एसी के कंप्रेसर चोरी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
दीपक निवासी बवानी खेड़ा ने थाना बवानी खेड़ा में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि 28.07.2026 की रात अज्ञात चोर उसकी तथा साथ लगती अन्य दुकानों के ऊपर लगे एसी के कंप्रेसर चोरी कर ले गए। शिकायत के आधार पर थाना बवानी खेड़ा में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान 30.07.2026 को थाना बवानी खेड़ा के मुख्य सिपाही प्रवेश कुमार ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रमेश उर्फ बंटी पुत्र धर्मपाल निवासी वार्ड नंबर-7, बवानी खेड़ा तथा सज्जन पुत्र छबील दास निवासी हांसी के रूप में हुई है।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी रमेश उर्फ बंटी कबाड़ खरीदने का कार्य करता है। उसने अपने साथी के साथ मिलकर दुकानों के ऊपर लगे एसी के कंप्रेसर चोरी किए और बाद में उन्हें हांसी निवासी सज्जन, जो स्वयं भी कबाड़ खरीदने का कार्य करता है, को बेच दिया।
पुलिस टीम ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए एसी के कंप्रेसर तथा वारदात में प्रयुक्त गाड़ी बरामद कर ली है।
आरोपी सज्जन के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई है। वहीं आरोपी रमेश उर्फ बंटी को माननीय न्यायालय में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड अवधि के दौरान आरोपी से गहन पूछताछ की जाएगी। मामले में फरार चल रहे दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।