{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Behal NCC Annual Training Camp: बहल में एनसीसी कैडेट्स ने सीखा वेपन ट्रेनिंग व फायरिंग का हुनर, साइबर क्राइम पर भी हुए जागरूक

11 हरियाणा बटालियन एनसीसी भिवानी द्वारा बहल में आयोजित वार्षिक प्रशिक्षण शिविर के तीसरे दिन कैडेट्स को वेपन ट्रेनिंग, फायरिंग व साइबर सुरक्षा का प्रशिक्षण दिया गया।
 

वार्षिक प्रशिक्षण शिविर के तीसरे दिन कैडेट्स को सैन्य एवं जागरूकता प्रशिक्षण

भिवानी/बहल। 11 हरियाणा बटालियन एनसीसी, भिवानी द्वारा बहल में आयोजित वार्षिक प्रशिक्षण शिविर के तीसरे दिन कैडेट्स को विभिन्न सैन्य प्रशिक्षणों के साथ-साथ स्वास्थ्य, साइबर सुरक्षा एवं सांस्कृतिक गतिविधियों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। शिविर का आयोजन कमान अधिकारी कर्नल रितेश रंजन एवं डिप्टी कैंप कमांडेंट कर्नल एंटोनी सेल्वम के निर्देशन में किया जा रहा है।

तीसरे दिन के प्रशिक्षण कार्यक्रम में कैडेट्स को वेपन ट्रेनिंग एवं फायरिंग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में कैडेट्स ने फायरिंग अभ्यास में भाग लिया तथा हथियारों के सुरक्षित एवं अनुशासित उपयोग के संबंध में आवश्यक जानकारी प्राप्त की।

स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत डिप्टी सीएमओ, भिवानी डॉ. सुमन विश्वकर्मा द्वारा टीबी (क्षय रोग) के उन्मूलन विषय पर विस्तृत व्याख्यान दिया गया। उन्होंने कैडेट्स को टीबी के लक्षणों, बचाव, जांच एवं उपचार के साथ-साथ टीबी मुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।

इसी क्रम में साइबर क्राइम एवं साइबर जागरूकता विषय पर कांस्टेबल विष्णु सिंह द्वारा विस्तृत व्याख्यान दिया गया। उन्होंने कैडेट्स को ऑनलाइन धोखाधड़ी, साइबर अपराध, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा व्यक्तिगत एवं डिजिटल जानकारी की सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।

इसके अतिरिक्त कैडेट्स को ड्रिल प्रशिक्षण दिया गया तथा आगामी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रिहर्सल भी करवाई गई। कैडेट्स ने सभी गतिविधियों में उत्साह एवं अनुशासन के साथ भाग लिया।

इस अवसर पर कैम्प एडजुडेन्ट कैप्टन अनिल तंवर, लेफ्टिनेंट सोमबीर, फर्स्ट ऑफिसर सुरेंद्र सिंह, सेकंड ऑफिसर संदीप फोगाट, सेकंड ऑफिसर रेनू, सूबेदार पीतम सिंह, सीएचएम पंकज सिंह,सेना मेडल,हवलदार मनोज कुमार आदि उपस्थित रहे।