भगवान परशुराम जयंती : युवाओं ने किया पौधारोपण, सामाजिक एकता और शौर्य का दिया संदेश
महापुरुष की जयंती को सामाजिक सरोकारों से जोडऩा अनिवार्य : मोनू भगत सिंह
Apr 17, 2026, 13:29 IST
भिवानी, 17 अप्रैल : शहीद-ए-आजम भगत सिंह सेवा ट्रस्ट द्वारा भगवान परशुराम जयंती के उपलक्ष्य में शुक्रवार को एक विशेष सामाजिक पहल की गई। ट्रस्ट के प्रधान मोनू भगत सिंह के नेतृत्व में युवाओं ने भिवानी स्थित लघु सचिवालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और महापुरुषों की स्मृति को जीवित रखने का संकल्प लिया। पौधारोपण अभियान के दौरान युवाओं को संबोधित करते हुए मोनू भगत सिंह ने कहा कि हमारे महापुरुषों और शहीदों ने समाज को जो दिशा दिखाई है, उसे आगे बढ़ाना हर नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने जोर देकर कहा कि किसी भी महापुरुष की जयंती केवल उत्सव तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि उसे सामाजिक सरोकारों से जोडऩा अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि शहीदों और महापुरुषों की स्मृति में पौधारोपण करना न केवल पर्यावरण के लिए हितकारी है, बल्कि यह आने वाली पीढिय़ों को उनकी कुर्बानी और विचारों की याद दिलाने का एक जीवंत माध्यम भी है। जैसे एक पौधा बढक़र सबको छाया और फल देता है, वैसे ही महापुरुषों के विचार समाज को दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम के जीवन पर प्रकाश डालते हुए ट्रस्ट के प्रधान ने कहा कि उन्होंने समाज को सामाजिक एकता और शौर्य का पाठ पढ़ाया था। उन्होंने हमेशा अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाई और शास्त्र व शस्त्र के संतुलन की सीख दी। उनकी जयंती पर प्रकृति की सेवा करना उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि देने के समान है। लघु सचिवालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में युवाओं ने बढ़-चढक़र हिस्सा लिया। कार्यक्रम के समापन पर मोनू भगत सिंह ने जिले के युवाओं से अपील की कि वे अपने जीवन के विशेष अवसरोंजैसे जन्मदिन, पुण्यतिथि या जयंती, पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी उठाएं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण बचेगा, तभी भविष्य बचेगा। इस अवसर पर नवदीप आर्य एडवोकेट, बंसीलाल एडवोकेट, अजय, चंद्रमोहन शंकर नर्सरी सहित अन्य युवा भी साथ रहे।