भाविप की शहीद मदनलाल ढ़ींगड़ा शाखा ने समाज के दो मजबूत स्तंभों चिकित्सकों व सीए का किया सम्मान
भिवानी, 01 जुलाई : नेशनल डॉक्टर्स डे और चार्टर्ड अकाउंटेंट्स डे के अवसर पर सामाजिक सरोकारों में सदैव अग्रणी रहने वाली संस्था भारत विकास परिषद की शहीद मदनलाल ढींगड़ा शाखा भिवानी द्वारा बुधवार को सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज को निरोगी काया देने वाले जीवन रक्षकों डॉक्टर्स और देश की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ व पारदर्शी बनाने वाले वित्तीय सलाहकारों चार्टर्ड अकाउंटेंट्स के अमूल्य योगदान की सराहना करना था। कार्यक्रम के दौरान भारत विकास परिषद के प्रांतीय उपाध्यक्ष अशोक कुमार शर्मा, शाखा अध्यक्ष कमल नयन वशिष्ठ, गतिविधि संयोजक सेवा सुरेश कुमार शर्मा पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी, शाखा सचिव जगदीश चंद्र शर्मा द्वारा सीएमओ डा. रघुबीर शांडिल्य, सीनियर सर्जन डा. सुनील कुमार, मैडिकल ऑफिसर डा. बलवान सिंह, डा. शिव शंकर भारद्वाज, डा. सतबीर यादव, डा. कमला भारद्वाज, डा. अनन्त बासोतिया, डा. नीरज शर्मा, डा. नरेंद्र शर्मा, डा. एनके गर्ग, डा. संध्या गर्ग, डा. सुमित गोयल, डा. त्रिलोकी गुप्ता, डा. साक्षी मेहता सहित सीए ललित अग्रवाल, सीए ऋषि भारद्वाज, सीए बजरंग लाल जैन को सम्मानित किया। इस मौके पर भारत विकास परिषद के प्रांतीय उपाध्यक्ष अशोक कुमार शर्मा व शाखा अध्यक्ष कमल नयन वशिष्ठ ने कहा कि चिकित्सक और चार्टर्ड अकाउंटेंट्स हमारे समाज के दो ऐसे मजबूत स्तंभ हैं जिनके बिना एक स्वस्थ और समृद्ध राष्ट्र की कल्पना असंभव है। जहां एक ओर डॉक्टर्स दिन-रात निस्वार्थ भाव से मानव जीवन की रक्षा करते हैं, वहीं सीए हमारे देश की वित्तीय सेहत और आर्थिक व्यवस्था को सही दिशा प्रदान करते हैं। शहीद मदनलाल ढींगड़ा शाखा इन सभी राष्ट्रसेवकों के समर्पण को नमन करती है। इस आयोजन ने न केवल शहर के वरिष्ठ और कर्मठ प्रोफेशनल्स का मान बढ़ाया, बल्कि युवा पीढ़ी को भी पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ देश सेवा करने की प्रेरणा दी। समारोह के अंत में सभी सम्मानित अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।