भिवानी की बेटी ने फिर गाड़ा सफलता का झंडा
भिवानी, 17 अप्रैल : मिनी क्यूबा और खेल नगरी के नाम से विख्यात भिवानी की मिट्टी ने एक बार फिर देश को एक स्वर्णिम खिलाड़ी दी है। भिवानी की होनहार मुक्केबाज और मेगा माइंड्स स्कूल की पूर्व छात्रा दीया शर्मा ने महाराष्ट्र के नागपुर में आयोजित जूनियर नेशनल गल्र्स चैंपियनशिप, जो कि 5 से 11 अप्रैल तक आयोजित थी, उसमें अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि से न केवल भिवानी, बल्कि पूरे प्रदेश में खुशी की लहर है।
दीया शर्मा की यह जीत कोई इत्तेफाक नहीं है। इससे पहले भी वह नेशनल चैंपियनशिप में अपनी तकनीक और फुर्ती के दम पर दो बार सर्वश्रेष्ठ मुक्केबाज का खिताब अपने नाम कर चुकी हैं। नागपुर में खेले गए फाइनल मुकाबले में दीया ने विपक्षी खिलाड़ी को टिकने का मौका नहीं दिया और अपनी जीत का सिलसिला जारी रखा। अपनी इस ऐतिहासिक सफलता का श्रेय दीया ने अपने माता-पिता के अटूट विश्वास, गुरुजनों के मार्गदर्शन और अपने कोच की कड़ी मेहनत को दिया है।
शुक्रवार को जब स्वर्ण पदक विजेता दीया शर्मा भिवानी पहुंची तो उनका जोरदार स्वागत किया गया। स्थानीय डोभी तालाब के नजदीक स्थित मेगा माइंड्स स्कूल में नवदुर्गा सेवा सहयोग संस्था द्वारा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान खेल प्रेमियों और स्थानीय नागरिकों ने दीया को फूल-मालाओं से लाद दिया। सम्मान समारोह की अध्यक्षता कर रही विद्यालय की प्राचार्या मंजू शर्मा ने कहा कि दीया हमारे स्कूल की एक मेधावी छात्रा रही है। आज उसने साबित कर दिया कि यदि हौसले बुलंद हों और अनुशासन साथ हो, तो कोई भी लक्ष्य नामुमकिन नहीं है। उसकी यह जीत स्कूल की अन्य छात्राओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। हमें गर्व है कि हमारे विद्यालय की पूर्व छात्रा आज देश के खेल मानचित्र पर भिवानी का नाम रोशन कर रही है।
इस अवसर पर स्कूल प्रबंधक कृष्ण सैनी व राजबाला सैनी ने दीया की उपलब्धि को नारी शक्ति की विजय बताया। उन्होंने कहा कि दीया शर्मा जैसी बेटियां भिवानी की असली पहचान हैं। एक साधारण पृष्ठभूमि से निकलकर नेशनल लेवल पर गोल्ड जीतना और दो बार बेस्ट बॉक्सर बनना उनकी असाधारण क्षमता को दर्शाता है। हमारी संस्था हमेशा ऐसी उभरती हुई प्रतिभाओं के साथ खड़ी है और भविष्य में भी उन्हें हर संभव सहयोग प्रदान करती रहेगी ताकि वे ओलंपिक जैसे मंचों पर तिरंगा फहरा सकें। इस अवसर पर नवदुर्गा सेवा सहयोग संस्था के संस्थापक सुरेश सैनी, पर्यावरण रक्षक बिजेश जावला, स्कूल प्रबंधक कृष्ण सैनी, राजबाला सैनी, बोबी खट्टर सहित समस्त स्कूल स्टाफ सदस्य व विद्यार्थी मौजूद रहे।