{"vars":{"id": "123258:4912"}}

पर्यावरण संरक्षण से ही सुरक्षित होगा मानव जीवन
 

महात्मा ज्योतिबा फुले धर्मार्थ ट्रस्ट और ब्रह्माकुमारीज संस्था ने मूलचंद जोहड़ पार्क में किया पौधारोपण
प्रकृति और परमात्मा का गहरा संबंध, पौधों का रोपण पुण्य का कार्य : बीके सुमित्रा व बीके कीर्ति
 
 
भिवानी, 07 जून : बढ़ते प्रदूषण और पर्यावरण असंतुलन की चुनौतियों के बीच समाज को जागरूक करने के उद्देश्य से एक सराहनीय पहल की गई है। स्थानीय खाकी बाबा मंदिर स्थित मूलचंद जोहड़ पार्क में महात्मा ज्योतिबा फुले धर्मार्थ ट्रस्ट एवं प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की भिवानी शाखा के संयुक्त तत्वावधान में एक विशाल पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान संस्था के सदस्यों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने पार्क परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे और आमजन को स्वच्छ व सुंदर पर्यावरण बनाए रखने का संदेश दिया। ब्रह्माकुमारीज संस्था की भिवानी शाखा से बीके सुमित्रा और बीके कीर्ति ने आध्यात्मिक और वैज्ञानिक दृष्टिकोण से पर्यावरण के महत्व को सांझा किया। उन्होंने कहा कि प्रकृति और परमात्मा का गहरा संबंध है। पौधे केवल हमें ऑक्सीजन ही नहीं देते, बल्कि धरा पर जीवन का आधार हैं। जिस प्रकार हम अपने आंतरिक मन को सकारात्मक विचारों से शुद्ध करते हैं, उसी प्रकार बाहरी वातावरण को शुद्ध रखने के लिए पौधों का रोपण और उनका संरक्षण करना हर इंसान का परम कर्तव्य और पुण्य का कार्य है। हमें हर खुशी के मौके पर एक पौधा जरूर लगाना चाहिए। वही महात्मा ज्योतिबा फुले धर्मार्थ ट्रस्ट के अध्यक्ष रमेश सैनी व पर्यावरण प्रहरी विजय सिंहमार ने सामाजिक सरोकारों पर जोर देते हुए युवाओं और नागरिकों से इस अभियान का हिस्सा बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज के समय में कंक्रीट के बढ़ते जंगलों के बीच असली जंगलों और हरियाली को बचाना बेहद जरूरी हो गया है। हमारी संस्था का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उनकी परवरिश की जिम्मेदारी लेना भी है ताकि हमारी आने वाली पीढ़ी को शुद्ध आबोहवा और स्वस्थ वातावरण मिल सके। हर नागरिक को इस जागृति अभियान से जुडऩा होगा। पौधारोपण के पश्चात खाकी बाबा मंदिर और मूलचंद जोहड़ पार्क के आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने की भी शपथ ली गई। इस अवसर पर राजयोगिनी बीके सुमित्रा, राजयोगिनी बीके कीर्ति, बीके श्वेता, बीके आरती, बीके लालचंद, बीके हिंद राज, बीके सुनीता, बीके कमलेश, बीके राज बहन, बीके द्रोपदी, बीके भीम सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।