{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Deepti Dharmani Shiv Raman Gaur News 2026: चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय में संविधान दिवस कार्यक्रम: कुलगुरु प्रो. दीप्ति धर्माणी ने मेधावी छात्रों को किया सम्मानित

भिवानी के चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय के विधि विभाग में संविधान दिवस कार्यक्रम आयोजित; कुलगुरु प्रो. दीप्ति धर्माणी, शिवरमण गौड़ व अधिवक्ता अजय नैन ने किया मार्गदर्शन।
 

चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय के विधि विभाग द्वारा संविधान दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया

भिवानी 26 नवंबर। चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय के विधि विभाग द्वारा संविधान दिवस कार्यक्रम  आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय  की कुलगुरु प्रो. दीप्ति धर्माणी ने की तथा कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर पूर्व आईएएस अधिकारी एवं पूर्व सूचना आयुक्त,प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस शिवरमण गौड़ तथा विशेष अतिथि के तौर पर सुप्रीम कोर्ट से अधिवक्ता अजय नैन ने शिरकत की। प्रो. धर्माणी ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि  विश्वविद्यालय द्वारा छात्रों के लिए लगातार बेहतर अकादमिक गतिविधियां आयोजित की जा रही है और विश्वविद्यालय के विधि विभाग को  राष्ट्रीय स्तर के शीर्ष विधि विश्वविद्यालयों के बराबर शैक्षणिक सुविधा देने व बेहतरीन शैक्षणिक वातावरण तैयार करने के लिए प्रयासरत है। कुलगुरु ने कार्यक्रम में मेधावी छात्रों को प्रोत्साहित  करते हुए उन्हें प्रमाणपत्र तथा किताबें भेंट की। 

मुख्य अतिथि शिव रमण गौड़ ने छात्रों को भारतीय सविंधान की महत्ता से छात्रों को अवगत करवाते हुए कहा कि सविंधान न सिर्फ एक कानूनी दस्तावेज़ है बल्कि ये सामाजिक परिवर्तन के लिए, सामाजिक न्याय सुनिश्चित करने के लिए एवं समता प्रदान करने के लिए एक महत्वपूर्ण औजार है। संविधान सर्व समाज के लिए एक पवित्र ग्रंथ की तरह है। उन्होंने छात्रों को वंचित वर्गों को उनके अधिकार दिलाने के लिए आवश्यक पैरवी करने के लिए छात्रों से अपील की। इस अवसर पर अधिवक्ता अजय नैन ने छात्रों को विधि व्यवसाय में उत्कृष्टता पाने के लिए लगातार प्रयासरत रहने पर जोर दिया। उन्होंने लैंगिक न्याय और लैंगिक संवेदनशीलता से संबंधित मुद्दों पर भी छात्रों को अवगत कराया। उन्होंने छात्रों को एडवोकेट ऑन रिकॉर्ड परीक्षा से संबंधित आवश्यक टिप्स छात्रों के साथ साझा किए। उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए भारतीय सविंधान की अच्छी समझ बनाने तथा सविंधान की पालना करने लिए ज़ोर दिया।

कार्यक्रम में छात्रों के लिए भारतीय संविधान से संबंधित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता, सविंधान उद्देश्यिका पाठन का आयोजन किया गया जिसमें विधि विभाग तथा राजनीति विज्ञान विभाग से लगभग पचास से अधिक छात्रों ने भाग लिया। परास्नातक  स्तर पर एलएलएम के छात्र मिहिर और प्रवीण की टीम ने प्रश्नोत्तरी में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वही स्नातक स्तर पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में प्रथम स्थान में विधि विभाग  से हर्षिता और साक्षी करखल की टीम रही।

उद्देश्यिका पाठन में प्रथम स्थान विधि विभाग प्रथम वर्ष से गजेंद्र ने प्राप्त किया वहीं दूसरे स्थान पर  विधि विभाग की छात्रा वंशिका रही। कार्यक्रम के अंत में विधि संकाय के अधिष्ठाता प्रो. प्रमोद मलिक ने मुख्य अतिथि , विशेष अतिथि तथा कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों का कार्यक्रम में उपस्थित होने के लिए धन्यवाद किया। कार्यक्रम में विधि विभाग से सहायक आचार्य डॉ. पवन, डॉ. आलोक, डॉ. रिया, डॉ.सुमन, डॉ. मंजीत तथा विधि विभाग  तथा राजनीति विभाग के 100 से अधिक छात्र - छात्राएं उपस्थित रहे।