{"vars":{"id": "123258:4912"}}

सीबीएलयू स्थापना दिवस पर ग्रामीणों का विरोध, कुलगुरु का पुतला फूंककर मनाया काला दिवस
 

भिवानी में चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय (CBLU) के स्थापना दिवस पर प्रेम नगर के ग्रामीणों ने काला दिवस मनाया और कुलगुरू का पुतला फूंका। नौकरियों में आरक्षण की मांग।

 

भिवानी, 25 जुलाई : एक तरफ जहां चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय शनिवार को अपना स्थापना दिवस व जश्न मना रहा था, वहीं दूसरी तरफ गांव प्रेमनगर में सीबीएलयू के समक्ष धरने पर बैठे ग्रामीणों ने इसे काला दिवस के रूप में मनाया। अपनी मांगों को लेकर भडक़े ग्रामीणों का जन आक्रोश दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। प्रदर्शन के दौरान गुस्साए ग्रामीणों ने विश्वविद्यालय गेट पर कुलगुरू दीप्ति धर्मानी का पुतला फूंका और जमकर नारेबाजी की। गांव प्रेम नगर में विश्वविद्यालय में नौकरियों के आरक्षण की मांग को लेकर ग्रामीणों का अनिश्चितकालीन धरना शनिवार को भी जारी रहा। इस दौरान धरना स्थल पर बड़ी संख्या में एकत्र हुए ग्रामीणों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ रोष जाहिर किया। धरने की अध्यक्षता करते हुए सोमवीर बूरा ने कहा कि आज उनकी 131 एकड़ जमीन पर विश्वविद्यालय अपना स्थापना दिवस व जश्न मना रहा है, जबकि दूसरी तरफ इस जमीन के ग्रामीण भुखमरी और बेरोजगारी झेल रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों से इस विरोध को एक बड़ा जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया। धरना समिति के प्रधान कैप्टन कलम सिंह ने धरना स्थल पर मौजूद ग्रामीणों में जोश भरते हुए आंदोलन को और तेज करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जब तक ग्रामीणों को उनका हक और नौकरियों में आरक्षण नहीं मिल जाता, तब तक यह लड़ाई मजबूती से लड़ी जाएगी। इस अवसर पर जयवीर सिंह बरवर, लीलाराम ढ़ांडा, मजे सिंह, विरेंद्र, जिले सिंह, नरेंद्र फौगाट, बिंद्र, अमित, गोविंदा, बलबीर बूरा, सोहिल, राजपाल प्रधान, अशोक, राजेश, विनोद, जुगप्रवेश, धर्मबीर, जिले सिंह, लीलू फौजी सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।