{"vars":{"id": "123258:4912"}}

सख्ती का असर : डीसी की सख्ती से मकानों की सूचीकरण के कार्य में जुटे सभी प्रगणक
 

निर्धारित समयावधि में काम पूरा नहीं करने वालों से मांगा जाएगा स्पष्टीकरण: डीसी
- डीसी साहिल गुप्ता ने जिला में मकानों की सूचीकरण का कार्य पूरा करने का लक्ष्य 24 मई तक रखा है
 
 
भिवानी, 19 मई। डीसी साहिल गुप्ता के सख्ती से जिला में जनगणना-2027 अभियान में जिला में नियुक्त सभी प्रगणक अपने काम पर लग गए हैं। भले ही मकानों की गणना का कार्य 30 मई तक चलेगा, लेकिन डीसी ने जिला में 24 मई तक मकानों की सूचीकरण का कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा है ताकि जरूरी डाटा सामग्री समय रहते जिला मुख्यालय पर सब्मिट की जा सके। निर्धारित समयावधि में मकानों की सूचीकरण का कार्य पूरा नहीं करने वाले प्रगणकों व उनसे संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। वहीं दूसरी ओर जिला मुख्यालय पर डीसी की सख्ती के चलते 246 प्रगणकों ने अपना-अपना काम शुरु कर दिया है।
उल्लेखनीय है कि जनगणना-2027 तहत जिला में गणना कार्य के लिए जिला में 2080 ब्लॉक बनाए गए हैं। एक ब्लॉक में 700 से 900 की जनसंख्या है, यानि करीब 150 से 200 मकान शामिल हैं। गणना कार्य के लिए जिला में करीब 2500 एन्यूमरेटर यानि प्रगणक लगाए गए हैं। इसके अलावा 6 प्रगणक पर एक सुपरवाईजर लगाया गया है। ऐसे में करीब 600 सुपरवाईजर हैं। पिछले चार रोज पहले डीसी श्री गुप्ता ने कार्य शुरु नहीं करने वाले 246 प्रगणकों को शीघ्र काम शुरु न करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी थी। डीसी की तीखे तेवरों चलते सभी 246 प्रगणकों ने काम शुरु कर दिया है।
फिलहाल की स्थिति पर नजर डालें तो मकानों की सूचीकरण के लिए बनाए गए ब्लॉक में भिवानी तहसील में 566 ब्लॉक में से 541 पर काम शुरु हो चुका है तथा 25 में पूरा हो चुका है। बवानीखेड़ा तहसील में 248 में 222 में काम शुरु हो चुका है तथा 26 में कार्य पूरा हो चुका है। सिवानी तहसील में 139 में 125 में काम शुरु हो चुका है और 14 में पूरा हो चुका है। लोहारू तहसील में 247 में से 197 में काम शुरु हो चुका है तथा 50 में कार्य संपन्न हो चुका है। तोशाम तहसील में 322 में से 294 में कार्य शुरु हो चुका है तथा 28 में पूरा हो चुका है। भिवानी एमसी में 448 में से 425 में काम हो चुका है तथा 23 में कार्य पूरा हो चुका है। बवानीखेड़ा एमसी में 43 में से 30 में कार्य शुरु हो चुका है तथा 13 में पूरा हो चुका है। सिवानी एमसी में 38 में से 30 में कार्य शुरु हो चुका है तथा आठ में पूरा हो चुका है। लोहारू एमसी में कुल 29 ब्लॉक में से 25 में काम शुरु हो चुका है तथा चार में पूरा हो चुका है। ऐसे में 2080 ब्लॉक में 1889 ब्लॉक में शुरु हो चुका है, जबकि 191 ब्लॉक में पूरा हो चुका है।
बॉक्स
डीसी साहिल गुप्ता ने सभी प्रगणकों को निर्देश दिए हैं कि मकानों की सूचीकरण कार्य को साथ-साथ एचएलओमोबाईलएप पर जरूर अपलोड करें ताकि जिला में किए जा रहे कार्य की रैंकिंग में सुधार हो। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि मकानों के सूचीकरण कार्य को नोटबुक में न करके मोबाइल के माध्यम से ही करें ताकि समय की बचत हो सके। उन्होंने कहा है कि निर्धारित समयावधि में मकानों की सूचीकरण का कार्य पूरा नहीं करने वालों से जवाब तलब किया जाएगा।