{"vars":{"id": "123258:4912"}}

- एयरपोर्ट परिसर में नया हैंगर तथा अत्याधुनिक एटीसी (एयर ट्रैफिक कंट्रोल) व कैंटीन की व्यवस्थाओं में कोई कमी न रहे: अंशज सिंह  
 

- नागरिक उड्डयन महानिदेशक ने 17 जून को मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर एयरपोर्ट का निरीक्षण कर दिए अधिकारियों को निर्देश
 
 
भिवानी, 11 जून। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के 17 जून को प्रस्तावित दौरे की तैयारियों को लेकर हरियाणा नागरिक उड्डयन विभाग के महानिदेशक अंशज सिंह ने वीरवार को चौधरी बंसीलाल एयरपोर्ट, भिवानी का निरीक्षण किया। डीसी साहिल गुप्ता ने महानिदेशक का स्वागत किया। डीसी श्री गुप्ता ने महानिदेशक को बताया कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर एयरपोर्ट प्रशासन एवं संबंधित विभागों द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इस दौरान महानिदेशक ने एयरपोर्ट परिसर में चल रहे विकास कार्यों, सुरक्षा प्रबंधों और विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान महानिदेशक ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट परिसर में करीब 31 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नया हैंगर तथा अत्याधुनिक एटीसी (एयर ट्रैफिक कंट्रोल) भवन तथा कैंटीन उद्घाटन के लिए पूरी तरह तैयार है। इन परियोजनाओं के शुरू होने से क्षेत्र में नागरिक उड्डयन सुविधाओं को नई मजबूती मिलेगी और भविष्य में विमानन गतिविधियों के विस्तार का मार्ग प्रशस्त होगा। अंशज सिंह ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान सीटीएम अनिल कुमार, डीएसपी सुरेन्द्र कुमार, पीडब्लूडी के कार्यकारी अभियंता लोकेश डागर, डीएफओ डा. राजेश वत्स, जिला अग्रिश्मन अधिकारी रमन कुमार, नागरिक उड्डïयन विभाग के स्थानीय आफिसर इंचार्ज दीपक भारद्वाज, संदीप कुमार, हरदीप सिंह मान, राजेश वत्स, सतीश आदि मौजूद रहे।