Haryana Crime Update: सीआईए स्टाफ प्रथम की बड़ी कार्रवाई, दिल्ली के ठगों को दबोचकर बरामद किए 12,000 रुपये
भिवानी में महिला से सोने-चांदी के गहने ठगने वाले गिरोह का खुलासा। सीआईए स्टाफ प्रथम ने दिल्ली के एक महिला समेत 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार।
सीआईए स्टाफ प्रथम भिवानी ने महिला से सोने-चांदी के आभूषण छिनने के मामले में महिला सहित 03 आरोपियों को किया गिरफ्तार, ₹ 12,000/- रुपए बरामद।
पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री मयंक मिश्रा, आईपीएस के निर्देशानुसार जिला पुलिस द्वारा अपराधियों की धरपकड़ तथा स्नेचिंग एवं धोखाधड़ी की वारदातों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में सीआईए स्टाफ प्रथम भिवानी की टीम ने महिला से सोने-चांदी के आभूषण छिनने के मामले में एक महिला सहित कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
*मामले का विवरण:*
गांव बड़ाला, जिला भिवानी निवासी महिला कमला पत्नी साधु राम ने थाना सिविल लाइन भिवानी में शिकायत दी थी कि दिनांक 08.10.2026 को वह आंखों का इलाज करवाने के लिए भिवानी आई थी। अस्पताल से पैदल वापस लौटते समय फैंसी चौक के पास दो व्यक्ति और एक महिला उसे मिले। उन्होंने एक अन्य व्यक्ति के बारे में झूठी बातें बताकर महिला को अपने विश्वास में ले लिया और उसे षड्यंत्र के तहत अपने साथ ले गए। इसके बाद आरोपियों ने उसे बस स्टैंड की तरफ ले जाकर रास्ते में राधा स्वामी सत्संग भवन के पास पार्क में बैठा लिया। वहां महिला आरोपी ने रुपयों की आवश्यकता बताकर पीड़िता से 600 रुपये ले लिए। इसी दौरान आरोपियों ने धोखे से पीड़िता के कानों की दोनों सोने की बालियां, एक सोने की तबीजी तथा चांदी की पाजेब की जोड़ी निकलवा ली और उसे अपने साथ ले गए। पीड़िता ने शिकायत में बताया कि आरोपियों ने आपस में मिलीभगत कर उसके आभूषण ठग लिए। शिकायत के आधार पर थाना सिविल लाइन भिवानी में अभियोग दर्ज कर जांच शुरू की गई।
*पुलिस की कार्रवाई:*
अभियोग में आगामी कार्रवाई करते हुए सीआईए स्टाफ प्रथम भिवानी की टीम ने एएसआई सुशील कुमार के नेतृत्व में कार्रवाई कर एक महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पारो पत्नी संजय निवासी जेजे कॉलोनी दिल्ली, प्रभु निवासी सुल्तानपुरी, नई दिल्ली तथा संजय पुत्र भीम सिंह निवासी जेजे कॉलोनी, दिल्ली के रूप में बताई गई है।
पुलिस टीम ने महिला आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जिला कारागार भेजने के आदेश दिए गए। वहीं, आरोपी प्रभु और संजय को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड अवधि के दौरान दोनों आरोपियों से 1,000-1,000 रुपये बरामद किए गए।
*चौथा आरोपी भी गिरफ्तार:* पुलिस टीम ने पूछताछ के आधार पर अभियोग में शामिल चौथे आरोपी को भी दिल्ली से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। आरोपी की पहचान भीम सिंह पुत्र प्रेमचंद निवासी जेजे कॉलोनी, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस टीम द्वारा आरोपी भीम सिंह से 10,000 रुपये बरामद किए गए।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जिला कारागार भेजने के आदेश दिए गए। अभियोग में पुलिस द्वारा आगे की जांच जारी है तथा मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्हें भी शीघ्र गिरफ्तार कर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।