{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Haryana Police Action: भिवानी में बिना लाइसेंस हथियार रखने वाला आरोपी गिरफ्तार, पैंतावास कलां का रहने वाला है युवक

भिवानी में सीआईए स्टाफ-2 ने कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देशी पिस्तौल बरामद की है।

 

सीआईए स्टाफ-2 भिवानी के द्वारा एक व्यक्ति को अवैध हथियार रखने के मामले में किया गिरफ्तार, पुलिस टीम ने आरोपी से एक देसी पिस्तौल किया बरामद।

पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री मयंक मिश्रा, आईपीएस के द्वारा जिला भिवानी में बिना लाइसेंस के अवैध हथियार रखने वाले आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई अमल में लाने के निर्देश दिए गए हैं। इन्हीं निर्देशों के तहत कार्रवाई करते हुए सीआईए स्टाफ-2 भिवानी की टीम ने एक व्यक्ति को अवैध हथियार सहित गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

दिनांक 06.10.2026 को सीआईए स्टाफ-2 भिवानी के मुख्य सिपाही राजीव अपनी पुलिस टीम के साथ गश्त एवं पड़ताल ड्यूटी पर जेल बाईपास, भिवानी मौजूद थे। इसी दौरान पुलिस टीम को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति तिगड़ाना मोड़ हाईवे पुल के नीचे खड़ा है, जो कहीं जाने की फिराक में है तथा उसके पास बिना लाइसेंस का अवैध हथियार है। पुलिस टीम ने सूचना की गंभीरता को देखते हुए तुरंत बताए गए स्थान पर पहुंचकर कार्रवाई की तथा एक व्यक्ति को अवैध हथियार सहित गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।

गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान अजय कुमार पुत्र मनोज कुमार निवासी पैंतावास कलां, जिला चरखी दादरी के रूप में हुई है।

पुलिस टीम ने आरोपी के कब्जे से एक देशी पिस्तौल बरामद की है।

आरोपी अजय कुमार के विरुद्ध शस्त्र अधिनियम के तहत थाना सदर भिवानी में अभियोग दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई है।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह खेती-बाड़ी का काम करता है तथा उक्त हथियार उसने अपने शौक को पूरा करने के लिए पवन निवासी बौंद से लाया था।

पुलिस टीम द्वारा आरोपी को आज माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां माननीय न्यायालय के आदेशानुसार आरोपी को जिला कारागार भेज दिया गया।