Bhiwani Crime News: भिवानी सिविल अस्पताल से बाइक चोरी करने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार; दिनोद गेट पुलिस को मिली सफलता
भिवानी के सामान्य अस्पताल से बाइक चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार। एसपी सुमित कुमार के निर्देश पर दिनोद गेट पुलिस ने हालुवास फाटक के पास से दबोचा, बाइक बरामद।
थाना शहर पुलिस भिवानी ने सामान्य अस्पताल भिवानी से मोटरसाइकिल चोरी करने के मामले में दो आरोपियों को किया गिरफ्तार ।
पुलिस टीम द्वारा चोरी की गई मोटरसाइकिल को भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री सुमित कुमार के निर्देशानुसार जिला पुलिस द्वारा वाहन चोरी की वारदातों में शामिल आरोपियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इन्हीं निर्देशों के तहत कार्रवाई करते हुए थाना शहर पुलिस भिवानी के अंतर्गत पुलिस चौकी दिनोद गेट की टीम ने इस मामले का सफलतापूर्वक खुलासा किया।
इस संबंध में पवन निवासी पुर द्वारा थाना शहर भिवानी में शिकायत दर्ज करवाई गई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि दिनांक 11.05. 2026 को वह अपनी मोटरसाइकिल पर सामान्य अस्पताल भिवानी में अपने रिश्तेदार से मिलने आए थे। उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल इमरजेंसी वार्ड के सामने पेड़ के नीचे खड़ी की थी, जहां से अज्ञात व्यक्ति मोटरसाइकिल चोरी कर ले गए।
शिकायत पर थाना शहर भिवानी में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान दिनांक 14.05.2026 को पुलिस चौकी दिनोद गेट के मुख्य सिपाही राजेश कुमार की टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हालुवास फाटक, भिवानी क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनजीत पुत्र सोमनाथ निवासी वार्ड नंबर 13, नजदीक तोशाम फाटक, बवानी खेड़ा तथा राकेश पुत्र धर्मबीर निवासी गांव बलियाली, जिला भिवानी के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी टाइल लगाने का काम करते हैं तथा काम पर आने-जाने के लिए मोटरसाइकिल की आवश्यकता होने के कारण उन्होंने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस टीम द्वारा आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई है। दोनों आरोपियों को आज माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेजने के आदेश दिए गए।