Nayab Singh Saini Kisan Kalyan Scheme Bhiwani: 'देश का पहला राज्य है हरियाणा, जहां 24 फसलें एमएसपी पर बिक रही हैं'; सीएम सैनी का बड़ा बयान
भिवानी में CM नायब सैनी ने जारी की किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त, जिले के 1.21 लाख किसानों को मिले 24.20 करोड़ रुपये
भिवानी में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी होने के अवसर पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कार्यक्रम में शिरकत करते हुए कहा कि किसान सम्मान निधि योजना ने किसान और सरकार के बीच रिश्ते को नई परिभाषा दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा से देशभर के 9 करोड़ 34 लाख से अधिक किसान परिवारों के खातों में 18 हजार 680 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि जारी की।
मुख्यमंत्री ने बताया कि हरियाणा के 16 लाख 23 हजार किसान परिवारों के खातों में 324 करोड़ 75 लाख रुपये पहुंचे हैं। वहीं, भिवानी जिले के 1 लाख 21 हजार किसान परिवारों को 24 करोड़ 20 लाख रुपये की राशि मिली है। योजना की शुरुआत से अब तक हरियाणा के किसानों को 8 हजार 206 करोड़ रुपये से अधिक की राशि मिल चुकी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान सम्मान निधि विश्व की सबसे बड़ी डीबीटी योजनाओं में से एक है। सरकार किसानों को आर्थिक सहायता के साथ खाद, बीज, सिंचाई, फसल बीमा और नई तकनीक की सुविधाएं देने के लिए भी काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा देश का पहला राज्य है, जहां किसानों की सभी 24 फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य पर की जा रही है। कार्यक्रम में कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा, कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी, सांसद धर्मबीर सिंह और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।