{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Sanjay Dutt Rao Narendra Singh News 2026: भिवानी में कांग्रेस की बड़ी बैठक: संजय दत्त व राव नरेंद्र सिंह ने किया संबोधित, वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान तेज

भिवानी में कांग्रेस बैठक में संजय दत्त व राव नरेंद्र सिंह ने वोट रक्षक अभियान की रूपरेखा रखी और 26 नवंबर को पंचकूला में संविधान रक्षा मार्च का ऐलान किया।
 

भिवानी में कांग्रेस की बड़ी बैठक, वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान तेज 

भिवानी पहुंचे हरियाणा कांग्रेस प्रदेश प्रभारी संजय दत्त व प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने किया संबोधित 

मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और बैलेट पेपर से चुनाव की मांग पर अडिग कांग्रेस्र 26 नवंबर को पंचकूला में होगा संविधान रक्षा मार्च : संजय दत्त 

भाजपा शासनकाल में बिना विटामिन एम के फाइल नहीं बढ़ती, ईडी-सीबीआई भाजपा के प्रकोष्ठ बन गए, सीएम विदेश दौरों में व्यस्त : संजय दत्त 

सत्ता में बैठी भाजपा ही संवैधानिक संस्थाओं पर कब्जा कर लोकतंत्र को खत्म कर रही है : राव नरेंद्र सिंह

भिवानी, 22 नवंबर : कांग्रेस पार्टी के वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान को जमीनी स्तर पर मजबूती देने और आगामी कार्यक्रमों की रणनीति बनाने के उद्देश्य से रविवार को स्थानीय जैन चौक स्थित तिलक भवन स्थित जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। बैठक में हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त और हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने मुख्य रूप से शिरकत की। बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस जिला अध्यक्ष (शहरी) प्रदीप गुलिया जोगी एवं जिला अध्यक्ष (ग्रामीण) अनिरूद्ध चौधरी ने की। वही मंच का संचालन भिवानी ब्लॉक अध्यक्ष दिनेश कौशिक ने किया। बैठक में राहुल गांधी के नेतृत्व में चलाए जा रहे वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान की अगली कड़ी वोट रक्षक अभियान की रूपरेखा साझा की गई। इस दौरान पूर्व प्रदेश अध्यक्ष फूल चंद मुलाना के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर उन्हे श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान इनेलो छोडक़र कांग्रेस में आए पार्षद कर्मवीर यादव व पार्षद कविता यादव तथा भाजपा एससी सैल उपाध्यक्ष सुरेश डुलगच के कांग्रेस ज्वााईन करने पर उनका स्वागत किया गया। 

इस मौके पर हरियाणा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि 26 नवंबर को संविधान दिवस पर पंचकूला में प्रदेश स्तरीय संविधान रक्षा मार्च का आयोजन किया जाएगा, जिसमें लोकतंत्र और बाबा साहेब के संविधान की रक्षा के लिए सभी संविधान प्रेमियों को आमंत्रित किया गया है। भाजपा के आरोपों पर पलटवार करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जो पार्टी खुद 12 साल से देश और प्रदेश की सत्ता में है, उनके नेता कह रहे हैं कि लोकतंत्र को खतरा है। वास्तव में जो सत्ता में है वही संवैधानिक संस्थाओं पर कब्जा कर लोकतंत्र को खत्म कर रही है। वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान के तहत हो रही चौपालों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस का संघर्ष थमा नहीं है। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त का इस्तीफा नहीं होता, तब तक संघर्ष जारी रहेगा। उनके कार्यों की समीक्षा होनी चाहिए, दर्ज एफआईआर रद्द होनी चाहिए और आने वाले चुनाव ईवीएम की जगह बैलेट पेपर से कराए जाने चाहिए। उन्होंने देश की आर्थिक स्थिति पर चिंता जताते हुए पूर्व प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह के कार्यकाल को याद किया। साथ ही राजस्थान उपचुनावों के नतीजों को लोकतंत्र और कांग्रेस की जीत बताते हुए कहा कि जनता ने वोट की चोरी करने वालों को जवाब दिया है और आगामी चुनावों में भी इंडिया गठबंधन की जीत होगी।

हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त ने मतदाता सूची में कथित गड़बडिय़ों, प्रदेश की कानून-व्यवस्था, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के मुद्दों पर केंद्र और राज्य सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ पर वोट रक्षक तैनात कर मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा की जाएगी। प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस जनता की आवाज बनकर सडक़ पर संघर्ष करती है, तो मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जी डर जाते हैं। गुरुग्राम में काले झंडे दिखाने वाले साथियों और उनके परिवारों को प्रताडि़त किया गया। आंदोलन के समय बिना वारंट हमारे जिला अध्यक्षों को हाउस अरेस्ट किया जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री प्रदेश की समस्याओं का समाधान करने के बजाय कभी पंजाब, बिहार, हिमाचल तो कभी सिंगापुर और स्वीडन के विदेश दौरों में व्यस्त हैं। भ्रष्टाचार के मुद्दे पर जवाबदेही तय करते हुए संजय दत्त ने कहा कि पिछले 12 सालों से केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार है। आज सरकारी दफ्तरों में बिना विटामिन एम (पैसे) के कोई फाइल आगे नहीं बढ़ती। ईडी और सीबीआई भाजपा के प्रकोष्ठ बनकर काम कर रहे हैं। विपक्ष में रहते जिन नेताओं पर भाजपा करोड़ों के भ्रष्टाचार के आरोप लगाती थी, भाजपा में शामिल होते ही उनकी किस वाशिंग मशीन से सारे आरोप धुल जाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री बिना टेलीप्रॉन्प्टर के भाषण नहीं दे सकते, जबकि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी हर 7-10 दिन में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जनता के सवाल उठाते हैं और विदेशों में भी बिना टेलीप्रॉन्प्टर के भारत के लोकतंत्र और इतिहास पर अपनी बात रखते हैं।

कांग्रेस जिला अध्यक्ष (शहरी) प्रदीप गुलिया जोगी एवं जिला अध्यक्ष (ग्रामीण) अनिरूद्ध चौधरी ने की ने प्रदेश नेतृत्व को आश्वस्त किया कि भिवानी जिले के प्रत्येक ब्लॉक, गांव और शहरी क्षेत्र में बूथ स्तर पर वोट रक्षक तैयार किए जाएंगे और 26 नवंबर के पंचकूला मार्च में जिले से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भागीदारी सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले के प्रत्येक गांव, वार्ड और बूथ पर एक वोट रक्षक नियुक्त किया जाएगा, जो मतदाता सूची की निगरानी कर पात्र मतदाताओं के नाम कटने से बचाएगा और गलत तरीके से हटाए गए नामों को दोबारा जुड़वाने में मदद करेगा। अभियान को संगठित करने के लिए आई एम वोट रक्षक वेबसाइट भी लॉन्च की गई है। इसके साथ ही आगामी 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर पंचकूला में आयोजित होने वाले प्रदेश स्तरीय संविधान रक्षा मार्च की तैयारियों पर भी चर्चा की गई। 

 इस अवसर पर कांग्रेस राष्ट्रीय सचिव प्रदीप नरवाल, पूर्व विधायक रामकिशन फौजी, पूर्व विधायक डा. शिव शंकर भारद्वाज, संदीप तंवर, पवन बुवानीवाला, देवराज महता, ब्लॉक अध्यक्ष ग्रामीण जोगेंद्र, ब्लॉक अध्यक्ष बवानीखेड़ा अनिल नेहरा, ब्लॉक अध्यक्ष खरक-कलिंगा सतबीर, रूपेंद्र ग्रेवाल जिला पार्षद, विरेंद्र ग्रेवाल, अशोक ढ़ोला, बलवान पूर्व पार्षद, जगदीश सिंह, लक्ष्मण वर्मा, अमन तंवर राघव, अजय हालुवास, डा फूल सिंह धनाना, कामरेड रवि खन्ना, संजीव जागलान, मा. बलवंत घणघस, रवि सोलंकी, सुमित जांगड़ा, सुमित बराड़, डा. जयवीर गोयत, रघवीर नंबरदार, हरेंद्र जाखड़, रणदीप हुड्डा, मुकेश पहाड़ी, अनिता देवी, रोबिन चौहान, पंचायती राज प्रकोष्ठ अध्यक्ष प्रताप सरपंच, ईश्वर शर्मा प्रधान, एनएसयूआई जिला अध्यक्ष अक्षित घणघस, व्यापार मंडल अध्यक्ष जेपी कौशिक, इंटक भिवानी अध्यक्ष रातोतार, रिटायर्ड कर्मचारी नेता कर्ण सिंह गोठड़ा, अधिवक्ता रजनीश रेढू केकेसी प्रधान, दिलबाग ब्लॉक अध्यक्ष तोशाम, मुकेश कुमार डीएनटी जिला अध्यक्ष डा. स्वाति भारद्वाज महिला अध्यक्ष भिवानी, सुनील खिच्ची, हरेंद्र जाखड़, महेंद्र सिंह, राजेश कुमार, अनिल बामला, रामकिशन, अजय सिंह, महेंद्र ओड, विजयंत परमार, राजीव, श्रीकांत परमार सहित अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।