Bhiwani Congress News: भिवानी में कांग्रेस की जिला कमेटी की बैठक, SIR अभियान के लिए बूथ स्तर पर जिम्मेदारियां तय
भिवानी में कांग्रेस की मासिक बैठक में SIR अभियान की रणनीति बनी। AAP नेताओं ने थामी कांग्रेस, वहीं कॉमनवेल्थ पदक विजेताओं की खुशी में बांटी गई मिठाई।
भिवानी में कांग्रेस की शहरी जिला कमेटी की मासिक बैठक आयोजित, एसआईआर अभियान की रणनीति हुई तय
कॉमनवेल्थ में खिलाडिय़ों की उपलब्धि पर बांटी मिठाई, नवनियुक्त एनएसयूआई जिला अध्यक्ष व आम आदमी पार्टी नेताओं का कांग्रेस मे आने पर किया स्वागत
एसआईआर अभियान के तहत प्रत्येक बूथ पर 10-10 कार्यकर्ताओं की जिम्मेवारियां की गई तय : प्रदीप गुलिया जोगी
भिवानी, 05 अगस्त : स्थानीय रोहतक रोड स्थित कांग्रेस कार्यालय में बुधवार को कांग्रेस की शहरी जिला कमेटी की मासिक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस के शहरी जिलाध्यक्ष प्रदीप गुलिया जोगी ने की। इस दौरान पिछले माह आयोजित किए गए सांगठनिक कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई और आगामी महीने में चलाए जाने वाले अभियानों तथा सांगठनिक कार्यों की रूपरेखा तैयार की गई। बैठक में विशेष रूप से हाल ही में चल रहे एसआईआर अभियान में कार्यकर्ताओं की भूमिका, सक्रियता और भावी रणनीति पर गहन चर्चा हुई। संगठन को मजबूती प्रदान करने के उद्देश्य से एनएसयूआई के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष अक्षित कुमार का सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से परिचय कराया गया तथा उन्हें नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई व शुभकामनाएं दी गईं। राजनीतिक दृष्टिकोण से बैठक उस समय और महत्वपूर्ण हो गई जब आम आदमी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष घनश्याम शर्मा ने अपने साथियों के साथ आम आदमी पार्टी छोडक़र शहरी जिलाध्यक्ष प्रदीप गुलिया जोगी के नेतृत्व में कांग्रेस का दामन थाम लिया। कांग्रेस परिवार में शामिल होने पर सभी नए सदस्यों का फूल-मालाएं पहनाकर और मिठाई खिलाकर स्वागत किया गया। इसके साथ ही खेल नगरी भिवानी के खिलाडिय़ों द्वारा कॉमनवेल्थ खेलों में 5 गोल्ड और 2 सिल्वर पदक जीतकर देश का नाम रोशन करने पर बैठक में मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया गया। इस अवसर पर मा. बलवंत घणघस ने गांव धनाना की मुक्केबाज बेटियों साक्षी चौधरी और प्रिया घणघसके स्वर्ण पदक जीतने पर विशेष रूप से पनीर की जलेबी वितरित कर अपनी खुशी साझा की।
बैठक के संबंध में जानकारी देते हुए और पार्टी कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए कांग्रेस शहरी जिलाध्यक्ष प्रदीप गुलिया जोगी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता के अधिकारों और जमीनी मुद्दों की लड़ाई हमेशा अग्रिम पंक्ति में रहकर लड़ती आई है। पिछले माह हमारे कार्यकर्ताओं ने जिस सक्रियता के साथ सांगठनिक कार्यक्रमों को सफल बनाया है, उसी ऊर्जा को हमें आगे भी बनाए रखना है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में चल रहा एसआईआर अभियान संगठन के दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस अभियान को गति देने और जन-जन तक पहुंचाने के लिए हमने बूथ स्तर पर विशेष रचना तैयार की है। प्रत्येक बूथ पर 10-10 समर्पित कार्यकर्ताओं की ड्यूटियां तय कर दी गई हैं। ये कार्यकर्ता घर-घर जाकर जनता से संवाद करेंगे और अभियान के तहत तय लक्ष्यों को पूरा करेंगे। जोगी ने कहा कि अन्य दलों के वरिष्ठ नेताओं का कांग्रेस में शामिल होना इस बात का प्रमाण है कि जनता और नेताओं का भरोसा अब पूरी तरह से कांग्रेस के साथ है। हम नए साथियों का स्वागत करते हैं और मिलकर भिवानी में पार्टी के जनाधार को और अधिक मजबूत करेंगे।
इस अवसर पर दिनेश शास्त्री, सतबीर परमार, जोगिेंद्र ग्रेवाल, शिवकुमार चांगिया, विरेंद्र बापोड़ा एससी अध्यक्ष, रूपेंद्र ग्रेवाल, ईश्वर प्रधान, संजय गांधी, जयभगवान, संगठन महासचिव मा. बलवंत घणघस, शीला गौरा, रवि सोलंकी, लक्ष्मणा वर्मा सैन, श्यामलाल चारण, मुकेश पहलावन, पुनीत नुनीवाल, बलबीर सरोहा, रमेश ढिग़ाव, कृष्ण प्रजापत, सुमित बराड़, प्रवीण बूरा, धीरज टिकाणिया, कैप्टन रामहेर जांगड़, प्रेम, मनोज, शिव कुमार धानक, अजय, विकास, अमित, सौरभ, सूरज, मोहित, अंकित, आर्यन, सचिन, शुभम, सुमित, अमन, सावन, चीटू, जतिन सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।