{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Congress Sangathan Srijan Abhiyan Bhiwani: कांग्रेस का महिला सशक्तिकरण अभियान तेज, भिवानी में बैठक कर भाजपा पर बोला हमला

भिवानी में कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत बैठक। महिलाओं को जोड़ने और भाजपा सरकार को घेरने की रणनीति।
 

कांग्रेस पार्टी का महिला सशक्तिकरण अभियान

भिवानी में कांग्रेस के संगठन सृजन के तहत बैठक, भाजपा सरकार की महिला विरोधी नीतियों पर बोला हमला

बूथ और गांव स्तर पर महिलाओं को जोडऩे की मुहिम है कांग्रेस संगठन सृजन अभियान : समीरा चुगानी

शहर से लेकर गांव तक महिलाओं की आवाज बनेगी कांग्रेस : कांग्रेस नेता 

भिवानी, 20 सितंबर : भिवानी में कांग्रेस पार्टी ने अपने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती देने और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए कांग्रेस ने संगठन सृजन अभियान के तहत प्रयास तेज कर दिए हैं। इसी कड़ी में रविवार को स्थानीय रोहतक रोड स्थित कांग्रेस जिला अध्यक्ष (शहरी) प्रदीप गुलिया जोगी के कार्यालय पर बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में मुख्य रूप से भिवानी जिले की संगठन सृजन अभियान प्रभारी समीरा चुगानी उपस्थित रहीं और उन्होंने महिला कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन दिया। बैठक में कांग्रेस जिला अध्यक्ष (ग्रामीण) अनिरुद्ध चौधरी तथा कांग्रेस जिला अध्यक्ष (शहरी) प्रदीप गुलिया जोगी भी विशेष रूप से मौजूद रहे। इस दौरान संगठन में विभिन्न पदों पर कार्य करने की इच्छुक महिलाओं ने अपने आवेदन और नामांकन फॉर्म जमा करवाए। प्रभारी समीरा चुगानी ने महिला कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद कर उनकी राय जानी और संगठन विस्तार पर चर्चा की।

बैठक को संबोधित करते हुए संगठन सृजन अभियान प्रभारी समीरा चुगानी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और उनके राजनीतिक सशक्तिकरण की पैरवी की है। आज के दौर में सामाजिक बदलाव लाने के लिए महिलाओं का नेतृत्वकारी भूमिका में आना अत्यंत आवश्यक है। संगठन सृजन अभियान इसी दिशा में एक क्रांतिकारी कदम साबित होगा। इसका मुख्य उद्देश्य हर गांव और हर बूथ स्तर से महिलाओं को जोडक़र उन्हें पार्टी की मुख्यधारा में शामिल करना है। उन्होंने कहा कि महिलाएं जब तक राजनीति और नीति निर्माण में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज नहीं कराएंगी, तब तक वास्तविक सामाजिक परिवर्तन संभव नहीं है।

कांग्रेस जिला अध्यक्ष (ग्रामीण) अनिरुद्ध चौधरी ने कहा कि मौजूदा भारतीय जनता पार्टी की सरकार में प्रदेश की महिलाएं महंगाई, बेरोजगारी और असुरक्षा के दौर से गुजर रही हैं। भाजपा सरकार की नीतियां पूरी तरह से महिला विरोधी साबित हुई हैं। रसोई गैस के बढ़ते दाम, खाद्य पदार्थों पर बेतहाशा महंगाई और महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों ने आम महिला का जीना मुहाल कर दिया है। कांग्रेस पार्टी ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को संगठित कर भाजपा सरकार की इन जनविरोधी और महिला विरोधी नीतियों के खिलाफ एक मजबूत आंदोलन खड़ा करेगी।

कांग्रेस जिला अध्यक्ष (शहरी) प्रदीप गुलिया जोगी ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा सरकार केवल विज्ञापनों में महिला सशक्तिकरण के बड़े-बड़े दावे करती है, जबकि जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल विपरीत है। आज शहर की शिक्षित और संघर्षशील महिलाएं अपने अधिकारों के लिए आवाज उठा रही हैं, लेकिन सरकार उनकी अनदेखी कर रही है। भिवानी शहर के हर वार्ड और मोहल्ले में महिलाओं को संगठन से जोडक़र उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा। कांग्रेस पार्टी महिलाओं को केवल वोट बैंक नहीं मानती, बल्कि उन्हें संगठन में निर्णय लेने वाले पदों पर बैठाकर वास्तविक अधिकार देने का काम करती है।

इस बैठक के दौरान महिलाओं में खासा उत्साह देखा गया और कई महिलाओं ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता लेते हुए सांगठनिक पदों के लिए अपनी दावेदारी पेश की। कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि आने वाले दिनों में यह अभियान भिवानी के कोने-कोने तक पहुंचाया जाएगा, जिससे भाजपा सरकार की नीतियों का पर्दाफाश किया जा सके और आगामी चुनावों में महिलाओं की निर्णायक भूमिका तय की जा सके। इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष केसी बैरवा, शकुंतला देवी, सविता मान, अमन तंवर राघव, शीला गौरा, इंग्लेश लता, आशा जांगड़ा, अनिता देव, बाला, विद्या देवी, ईश्वर शर्मा, ब्लॉक दिनेश शास्त्री, राजकुमार धनखड़, संजय गांधी, रवि सोलंकी, लक्ष्मण वर्मा, रमेश ढिक़ाव, शिव कुमार धानक सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।