अधिवक्ताओं ने संभाली पर्यावरण संरक्षण की कमान
भावी पीढ़ी को स्वच्छ हवा देना हमारी नैतिक जिम्मेदारी, उसके लिए पौधारोपण जरूरी : अधिवक्ता संदीप तंवर
प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का सबसे उत्तम माध्यम है पौधारोपण : अधिवक्ता दिनेश वर्मा
भिवानी, 06 जून : पर्यावरण संरक्षण और धरती को हरा-भरा बनाने के संकल्प के साथ जिला बार संघ भिवानी और भाजपा लीगल सैल ने एक सराहनीय पहल की है। दोनों संगठनों द्वारा संयुक्त रूप से भिवानी कोर्ट परिसर में पौधारोपण अभियान चलाया गया। यह पौधा एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में रोपा गया। कार्यक्रम की खास बात यह रही कि अधिवक्ताओं ने न केवल पौधे लगाए, बल्कि उनके बड़े होने तक नियमित देखभाल और संरक्षण करने का सामूहिक संकल्प भी लिया। यह अभियान जिला बार संघ भिवानी के प्रधान अधिवक्ता संदीप तंवर और भाजपा लीगल सैल के जिला अध्यक्ष अधिवक्ता दिनेश वर्मा के संयुक्त नेतृत्व में आयोजित किया गया, जिसमें अनेक अधिवक्ताओं ने बढ़-चढकऱ अपनी भागीदारी दर्ज कराई। पौधारोपण के उपरांत कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला बार संघ भिवानी के प्रधान अधिवक्ता संदीप तंवर व भाजपा लीगल सैल के जिला अध्यक्ष अधिवक्ता दिनेश वर्मा ने कहा कि आज पूरा विश्व पर्यावरण प्रदूषण और मौसम चक्र में आ रहे अप्रत्याशित बदलावों से जूझ रहा है। भिवानी कोर्ट परिसर हमारा कार्यक्षेत्र है और इसे स्वच्छ व सुंदर रखना हम सभी वकीलों का पहला कर्तव्य है। पेड़-पौधे ही इस धरती के फेफड़े हैं। यदि हम आज सजग नहीं हुए और प्रकृति को बचाने के प्रयास नहीं किए, तो आने वाली पीढिय़ां हमें कभी माफ नहीं करेंगी। भावी पीढ़ी को एक स्वस्थ और स्वच्छ पर्यावरण देना हमारी सबसे बड़ी नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का सबसे उत्तम और एकमात्र माध्यम यही है कि हम अधिक से अधिक पौधे लगाएं। इस दौरान अधिवक्ताओं ने हाथ उठाकर संकल्प लिया कि वे न केवल सार्वजनिक स्थानों पर पर्यावरण सुधार के लिए काम करेंगे। इस अवसर पर एससी मोर्चा अध्यक्ष अधिवक्ता अशोक बिडलान, अधिवक्ता सुरेश मेवलीवाल, अधिवक्ता रणविजय सहित अनेक अधिवक्तागण मौजूद रहे