{"vars":{"id": "123258:4912"}}

गौसेवा ही सच्चा मानव धर्म : सोमवती अमावस्या पर गौरक्षकों ने शहर में बेसहारा गौवंश को पिलाया आयुर्वेदिक सत्तू

गौसेवा ही होना चाहिए मानव का पहला धर्म : श्रीमहंत डा. अशोक गिरी महाराज
भीष्ण गर्मी में गौवंश को ठंडक व ऊर्जा देगा आयुर्वेदिक सत्तू : संजय परमार
 
भिवानी, 15 जून : सनातन संस्कृति में गाय को केवल एक पशु नहीं, बल्कि माता का दर्जा दिया गया है। शास्त्रों में वर्णित है कि गौवंश की नि:स्वार्थ सेवा करना साक्षात ईश्वर की आराधना करने के समान है। इसी सेवामयी सोच को चरितार्थ करते हुए सोमवती अमावस्या के अवसर पर सोमवार को शहर में एक अनूठी और प्रेरणादायी मुहिम एक बार फिर से देखने को मिली। गौरक्षा दल के प्रधान संजय परमार के नेतृत्व में गौसेवकों ने एक विशेष अभियान चलाकर शहर भर के अनेक बेसहारा गौवंश को गुड़ और जौ से बना आयुर्वेदिक सत्तू पिलाया। पानी के टैंकर की व्यवस्था हर बार की तरह श्री गौशाला ट्रस्ट के अध्यक्ष पुरुषोत्तम दास ने की। 
      इस कार्य का शुभारंभ स्थानीय हालुवास गेट स्थित सिद्धपीठ बाबा जहरगिरी आश्रम के पीठाधीश्वर और अंतर्राष्ट्रीय श्रीमहंत डा. अशोक गिरी महाराज के सान्निध्य में हुआ। अभियान की शुरूआत बाबा कैलाश गिरी ने हरी झंडी दिखाकर किया। जिसके बाद गौरक्षकों की टोलियां शहर के कोने-कोने में निकल पड़ीं तथा भीषण गर्मी के इस मौसम में बेसहारा घूम रहे गौवंश के लिए यह आयुर्वेदिक सत्तू पिलाया। दिनभर चले इस सेवा पथ के बाद अभियान का विधि-विधान से समापन हालुवास गेट स्थित नंदीशाला में किया गया।
    इस मौके पर अंतर्राष्ट्रीय श्रीमहंत डा. अशोक गिरी महाराज ने कहा कि सनातन धर्म में किसी प्यासे को पानी पिलाना सबसे बड़ा पुण्य का कार्य माना गया है। लेकिन इस पुण्य की महिमा तब अनंत गुना और बढ़ जाती है, जब यह सेवा साक्षात गौमाता की हो रही हो। गाय की सेवा करना हर मनुष्य का सच्चा और पहला धर्म है। गाय की सेवा एक मां की सेवा के बराबर है। यदि हम सच्चे मार्ग पर चलना चाहते हैं, तो हमें अपने जीवन में गौसेवा को अनिवार्य रूप से शामिल करना होगा। उन्होंने गौरक्षा दल के इस अनूठे प्रयास की मुक्तकंठ से सराहना की और समाज के हर वर्ग से आगे आकर इस मुहिम का हिस्सा बनने का आह्वान किया।
    इस मौके पर गौसेवक ओमप्रकाश सैनी व सुल्तान सैनी ने कहा कि अक्सर जब भी धर्म-कर्म या परोपकार की बात आती है, तो इंसान का ध्यान सिर्फ दूसरे इंसानों की मदद करने की तरफ जाता है। लेकिन असल में, धर्म के नाम पर हमारे मन में सबसे पहला विचार बेजुबान गौवंश की सेवा का आना चाहिए। परमार ने नागरिकों से अपील की कि वे अपने घर में बनने वाली पहली रोटी गोमाता के लिए अवश्य निकाले। इस मौके पर गौरक्षा दल भिवानी के प्रधान संजय परमार ने कहा कि आयुर्वेदिक गुड़ और जौ का सत्तू गौवंश को इस मौसम में ठंडक और ऊर्जा प्रदान करेगा। 
      इस अवसर पर अभी ठाकुर, सौरव, विष्णु, दीपू सैन, अंकित, कृष, मुकुल, अनुप, जनमेज, मोनू, रमन सैनी, रिंकू, देव धोनी, मोदी, विक्की,लड्डू, हितेश, तनिष, दीनू शर्मा, रीतिक, नीरज, कमल, रांझाा गाड़ीवाला सहित अनेक लोग मौजूद रहे।